आम के मौसम में पके हुए आम के साथ कच्चा आम भी काफी लोकप्रिय रहता हैं। बाजार से इसकी काफी खरीदारी की जाती। कच्चे आम का अधिकतर उपयोग आचार, चटनी को बनाने के लिए किया जाता है। लेकिन क्या आप जानती हैं कि कच्चे आम का उपयोग खाने में कई तरह से किया जाता हैं। सेहत के लिहाज से इसके कई सारे फायदे और नुकसान हैं। जानते हैं विस्तार से।
कच्चे आम में पाए जाने वाले पोषक तत्व

कच्चे आम में कई सारे पोषक तत्व पाए जाते हैं। कच्चे आम में विटामिन-सी, विटामिन-ई, विटामिन-ए पाए जाते हैं। इसके अलावा आम में कैल्शियम,फास्फोरस के साथ फाइबर जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर को कई तरह से फायदा पहुंचाता है। इतना ही नहीं आयुर्वेद में यह भी कहा है कि काले नमक के साथ इसका सेवन करने से यह पाचन क्रिया के लिए भी सहायक होता है। इसलिए आम का सेवन चटनी के तौर पर या फिर कच्चे आम को नमक के साथ लेकर खाना भी पेट के लिए अच्छा होता है। अगर आप 100 ग्राम कच्चा आम खाती हैं , तो उसमें सिर्फ 60 प्रतिशत कैलोरी होती है।
कितना फायदेमंद होता है कच्चा आम

कच्चा आम कई तरह से सेहत को फायदा पहुंचाता है। कई बार डिहाइड्रेशन की समस्या शरीर में होती रहती है। इस दौरान कच्चा आम शरीर में पानी की कमी को दूर करने का काम करता है। जान लें कि कच्चे आम में पोटैशियम और सोडियम होता है, जो कि सेहत के लिए लाभकारी माना जाता है। कच्चे आम में पाचन एंजाइम को प्रभावित करता है, जो कि अपच, गैस और एसिडिटी से राहत देता है। इतना ही नहीं आम गर्मी में लू से भी बचाता है। गर्मी के मौसम में जब आप कच्चे आम का सेवन करते हैं, तो यह आपको लू से बचाता है। आम पन्ना इसलिए गर्मी में बेहद लाभदायक माना जाता है।
विटामिन-सी का सबसे अच्छा जरिया आम कैसे

कच्चा आम विटामिन-सी का सबसे अच्छा जरिया माना जाता है। कच्चे आम में विटामिन सी सबसे अधिक मात्रा में होता है, जो कि इम्यूनिटी बढ़ाने, त्वचा को स्वस्थ रखने और खून की कमी से बचाने में सहायता करता है। सभी प्रकार के खट्टे फलों में विटामिन-सी पाया जाता है। जानकारों के अनुसार विटामिन-सी सर्दी और बुखार से राहत देने में भी काफी फायदा पहुंचाता है। इसके अलावा, कच्चे आम का फायदा यह भी है कि कच्चे आम में शुगर की मात्रा कम होती है। इस वजह से यह मेटाबॉलिज्म को तेज करता है। इससे वजन को नियंत्रित करने में भी मदद मिलती है।
कच्चे आम को खाने का नुकसान

जाहिर-सी बात है कि आप किसी भी चीज का अधिक सेवन करते हैं, तो वह किसी न किसी तरह शरीर को नुकसान पहुंचाता है। जानकारों के अनुसार कच्चे आम को अधिक मात्रा में खाने से गले में जलन या फिर खराश की समस्या हो सकती है। साथ ही अगर आप कच्चे आम को बिना नमक लगाए खाते हैं, तो यह आपके गले को नुकसान पहुंचा सकता है। बहुत अधिक खट्टा होने से इसके कारण कई लोगों को दांतों में दर्द और कंपन की भी शिकायत हो जाती है।
त्वचा पर एलर्जी

कच्चा आम अधिक खाने से कई लोगों को शरीर पर एलर्जी की भी समस्या हो जाती है। कई लोगों को आम से एलर्जी भी होती है, ऐसे में कच्चे आम के छिलके के रस से एलर्जी की समस्या हो सकती है। इससे कच्चे आम को खाने से पहले उसे अच्छे से साफ करके इसका सेवन करना चाहिए। साथ ही यह भी कहा जाता है कि गर्भावस्था में ज्यादा खट्टा खाने से एसिडिटी या फिर जी घबराने की समस्या हो सकती है। इसलिए जिसे भी कच्चा आम खाना हो, उसे इसका सेवन सीमित मात्रा में खाने का सेवन करना चाहिए।