मानसून का मौसम जहां एक तरफ ताजगी और ठंड लेकर आता है, वहीं दूसरी तरफ यह इंफेक्शन, पाचन संबंधी समस्या और रोग प्रतिकारक शक्ति कम होने का खतरा भी बढ़ा देता है। ऐसे में अपने आहार में मौसमी फलों को शामिल करना स्वास्थ्य के लिए बेहद फायदेमंद होता है। ये न केवल स्वादिष्ट होते हैं, बल्कि शरीर को जरूरी पोषक तत्व भी प्रदान करते हैं। आइए विस्तार से जानते हैं कि आखिर बरसात के मौसम में कौन से फलों के जरिए आपको फिट और ताजा रहने के साथ रोग मुक्त रख सकते हैं। इस बारे में विस्तार से जानते हैं डाइटिशियन अमिता तांबेकर से।
जामुन

अमिता कहती हैं कि जामुन सेहत के लिए कई तरह से फायदेमंद होता है। बरसात के मौसम में यह पोषण की बहार लेकर आता है। जामुन में फाइबर, विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट होते हैं।
इसका सेहत के लिए यह लाभ होता है कि जामुन ब्लड शुगर नियंत्रण में मदद करता है, विशेष रूप से मधुमेह के रोगियों के लिए लाभकारी। पाचन क्रिया को बेहतर बनाता है और दस्त जैसी समस्याओं से बचाता है।मुंह के छालों और गले के इन्फेक्शन में राहत देता है।
नाशपाती

नाशपाती भी बरसात के मौसम में बाजार में दिखाई देती है। इस फल को भी अपनी लिस्ट में जरूर शामिल करना चाहिए। नाशपाती में फाइबर, विटामिन-सी, पोटैशियम होता है। बरसात में पाचन तंत्र अक्सर कमजोर हो जाता है; नाशपाती में मौजूद फाइबर इसे संतुलित करता है। शरीर को हाइड्रेट रखता है और ऊर्जा देता है। इसमें सूजन-रोधी गुण होते हैं, जो मानसून में होने वाले जोड़ों के दर्द में भी राहत देते हैं।
प्लम या आलूबुखारा

स्वाद में खट्टा-मीठा प्लम भी सेहत के लिए काफी गुणकारी होता है। प्लम में कई तरह के पोषण तत्व होते हैं। खासतौर पर प्लम में आयरन, कैल्शियम और एंटीऑक्सीडेंट होता है, जो कि शरीर में हीमोग्लोबिन के स्तर को बनाए रखने में सहायक।कब्ज और गैस की समस्या से राहत दिलाता है। इतना ही नहीं स्किन के लिए भी प्लम काफी फायदेमंद माना गया है। प्लम का सेवन त्वचा को डिटॉक्स करता है।
शहतूत
पोषण से भरपूर शहतूत भी आपकी सेहत के लिए वरदान है। बारिश में इसका सेवन भी काफी फायदेमंद होता है। शहतूत एक तरह से एंटीऑक्सीडेंट और आयरन से भरपूर होता है और यह रक्त को साफ करता है और त्वचा के लिए अच्छा है।
आड़ू यानी कि पीच

पीच का सेवन भी शरीर को कई तरह से लाभ देता है। इसे मानसून में एक स्वादिष्ट और स्वास्थ्यवर्धक फल माना गया है। विटामिन-सी और विटामिन ए (बीटा-कैरोटीन) के साथ फाइबर,पोटेशियम, एंटीऑक्सीडेंट्स (पॉलीफेनोल्स) इस फल की खास विशेषता है। आड़ू में विटामिन-सी होता है जो मानसून में होने वाले संक्रमणों से लड़ने में मदद करता है। फाइबर की अच्छी मात्रा कब्ज और एसिडिटी जैसी मानसून में आम समस्याओं को दूर करता है।इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स स्किन को हेल्दी और ग्लोइंग बनाए रखने में सहायक हैं। आड़ू में प्राकृतिक डिटॉक्सिफाइंग गुण होते हैं, जो शरीर से विषैले तत्वों को बाहर निकालते हैं।