सेहत के लिए हमारे जीवन में कई सारी चीजों की जरूरत होती है। लेकिन क्या आप जानती हैं कि घर में मौजूद और बाजार में मिलने वाली कुछ खास तरह की पत्तियां आपके सेहत के लिए वरदान साबित हो सकती है और आज हम उसी बारे में विस्तार से बात करेंगे कि कौन सी पत्तियां आपके खान-पान की थाली में स्वाद और आपके जीवन में हरियाली ला सकती हैं। आइए जानते हैं विस्तार से।
धनिया पत्ते का सेहत के लिए फायदा

धनिया पत्ता खाने में स्वाद लाता है और साथ ही इसमें कई जरूरी पोषक तत्व और एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं। धनिया पत्ती चटनी के तौर पर या फिर किसी सब्जी, आटा में धनिया पत्ती काट कर आप इसे खाने में मिला सकती हैं। इससे गैस, अपच और पेट दर्द में भी राहत मिलती है। साथ ही यह शरीर में जमा टॉक्सिन को बाहर निकालने में सहायता करता है। यह किडनी और लिवर के लिए लाभकारी माना जाता है। इसमें विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट होते हैं, जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को भी मजबूत करता है। धनिया पत्ती एक तरह से ब्लड शुगर कंट्रोल करने में भी सहायक होता है। जानकारों का मानना है कि यह त्वचा और बालों के लिए भी काफी फायदेमंद माना गया है। हालांकि धनिया पत्ती को लेकर कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना जरूरी है। धनिया पत्ती का सेवन अधिक नहीं करना चाहिए। हमेशा धनिया पत्ती को अच्छी तरह से पानी में साफ करके इसका इस्तेमाल करना चाहिए । संतुलित मात्रा में धनिया पत्ती का इस्तेमाल करना चाहिए। गार्निश में या फिर सलाद और चटनी के तौर पर हर दिन आप धनिया की पत्ती का सेवन कर सकती हैं।
करी पत्ता सेवन करने का फायदा सेहत के लिए

पाचन के लिए करी पत्ता को सबसे सही माना जाता है। यह भारतीय रसोई का आम हिस्सा है। हालांकि नियमित मात्रा में इसका सेवन करना चाहिए। करी पत्ता के सेवन से गैस, कब्ज और अपच की समस्या में राहत मिलती है। जानकारों के अनुसार करी पत्ता शरीर में इंसुलिन की गतिविधि को बेहतर बनाकर ब्लड शुगर लेवल को संतुलित रखने में सहायक होता है। धनिया पत्ती की तरह करी पत्ता में भी एंटीऑक्सीडेंट होते हैं, जो खराब कोलेस्ट्रॉल को कम करने में सहायता कर सकता है और दिल की सेहत के लिए भी अच्छा माना गया है। दादी और नानी के जमाने से ही करी पत्ता का तेल भी बनाया जाता रहा है। नारियल तेल में करी पत्ता को उबालें और फिर इसका तेल बालों में लगाने से बालों की जड़ें बहुत मजबूत होती है। इससे बालों का झड़ना भी कम होता है, बाल जड़ों से मजबूत बनते हैं। दूसरी तरफ यह भी कहा गया है कि करी पत्ता मेटाबॉलिज्म को बेहतर बनाता है, जिससे वजन नियंत्रित करने में सहायता मिल सकती है। यह भी माना गया है कि सुबह खाली पेट 5 से 7 करी पत्ता चबाकर खाना चाहिए। पानी में उबालकर भी करी पत्ता का पानी पी सकते हैं।
पुदीना के पत्ते का शरीर के लिए फायदा

पुदीना का पत्ता गर्मी में सबसे अधिक फायदेमंद होता है। केवल स्वाद और खुशबू के लिए नहीं बल्कि पुदीना का पत्ता में कई सारे पोषक तत्व है। पुदीना पेट की गैस, अपच और एसिडिटी में राहत देता है। यह पाचन एंजाइम को सक्रिय करता है। गर्मियों में पुदीना शरीर को ठंडा रखने में मदद करता है और लू से बचाव में सहायक होता है। पुदीना की खुशबू और इसके गुण सिरदर्द और मानसिक तनाव को कम करने में मदद करते हैं। पुदीना में एंटीबैक्टीरियल गुण होते हैं, जो मुंह की बदबू को खत्म करते हैं और सांस को ताज़ा बनाते हैं। इसमें विटामिन C और एंटीऑक्सीडेंट होते हैं, जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करते हैं। अधिक मात्रा में इसका सेवन करने से कुछ लोगों को एसिडिटी या फिर एलर्जी हो सकती है। इसके सेवन के भी कई सारे तरीके हैं। पुदीना चटनी को रायता में मिलाकर इसका सेवन किया जा सकता है। इम्यूनिटी के लिए भी पुदीना का पत्ता काफी अच्छा होता है।
मेथी और पालक के पत्ते का सेहत के लिए फायदा

मेथी और पालक का पत्ता सेहत के लिए काफी फायदेमंद होता है। मेथी में मौजूद फाइबर और यौगिक ब्लड शुगर को संतुलित रखने में मदद करते हैं। यह कब्ज, गैस और अपच जैसी समस्याओं में राहत देता है। इसमें मौजूद फाइबर लंबे समय तक पेट भरा रखता है, जिससे ओवरईटिंग कम होती है। यह भी ध्यान दें कि मेथी बालों को मजबूत बनाती है और त्वचा को सेहतमंद रखने में भी सहायता करती है। पालक का पत्ता आयरन का अच्छा जरिया माना गया है। इसमें कैल्शियम और विटामिन के होता है, जो आंखों की रोशनी को बेहतर बनाए रखता है। पालक ब्लड प्रेशर को कम करने में मदद करता है और दिल की सेहत को भी अच्छा रखता है। मेथी और पालक को लेकर आपको कुछ जरूरी बातों का भी ध्यान रखना है। आपको हमेशा मेथी और पालक को अच्छी तरह से धोकर इसका इस्तेमाल करना चाहिए। ज्यादा मात्रा में सेवन करने से पेट में परेशानी हो सकती है। इसका सेवन आप हर दिन कर सकती हैं।
तेज पत्ता खाने से शरीर के लिए फायदा

तेज पत्ता शरीर को कई तरह से फायदा पहुंचाता है। तेजपत्ता एक तरह का सूखा पत्ता है, जो कि रसोई के सुगंधित मसाला में गिना जाता है। इसमें विटामिन, मिनरल्स और एंटीऑक्सीडेंट मौजूद होते हैं, जो शरीर को कई तरह से फायदा पहुंचाते हैं। यह पाचन तंत्र को भी सुधारना है। तेज पत्ता गैस, अपच और कब्ज जैसी समस्याओं में राहत देता है। यह पाचन एंजाइम को सक्रिय करता है।तेज पत्ता शरीर में ग्लूकोज के स्तर को संतुलित रखने में सहायक हो सकता है। इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट और पोटेशियम दिल को स्वस्थ रखने और ब्लड प्रेशर नियंत्रित करने में मदद करते हैं। तेज पत्ता में विटामिन C और अन्य एंटीऑक्सीडेंट होते हैं, जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाते हैं। जानकारों के अनुसार तेज पत्ता की भाप या इसका सेवन सर्दी-खांसी और सांस से जुड़ी समस्याओं में राहत दे सकता है। तेज पत्ता को दाल और सब्जी में शामिल किया जा सकता है साथ ही आप चाय में भी इसे पकाकर पी सकती हैं। आप सुबह खाली पेट तेजपत्ता का पानी पी सकती हैं।