अब वह समय आ चुका है कि अगर आप इस बात को समझ पा रही हैं कि आपकी मां के पास हुनर हैं और वह अपना व्यवसाय घर बैठे शुरू कर सकती हैं, तो इसमें आपकी मदद AI टूल्स करेंगे, इसलिए कोशिश करें कि मां को AI सिखाएं। आइए जानते हैं विस्तार से।
हेल्पफुल दोस्त

एक बात का खास ख्याल रखें कि आपको कभी भी अपनी मां के सामने तकनीकी चीजों को हौवा नहीं बनाना है, नहीं तो आपकी मां पहले ही इसे लेकर सहज नहीं होंगी, बल्कि उन्हें सिखाएं और बताएं कि इसमें कोई रॉकेट साइंस नहीं है, आसानी से इसका इस्तेमाल वह कर सकती हैं। जैसे AI को एक मददगार दोस्त यानी हेल्प करने वाले दोस्त के रूप में इंट्रोड्यूस करें। शुरुआत AI को जाने-पहचाने उदाहरणों से समझाकर करें। वहीं एल्गोरिदम या डेटा की बात करने के बजाय, इसे एक ऐसे डिजिटल सब कुछ जानने वाले दोस्त के तौर पर बताएं, जो आइडिया सोचने, प्लानिंग करने और समस्याओं को सुलझाने में मदद के लिए हमेशा उनके साथ रहेगा। शुरुआती दौर में आपको परेशानियां हो सकती हैं कि वे अधिक सवाल क्यों पूछ रही हैं, लेकिन एक बार वह इसे लेकर सहज हो जाएंगी, तो उनके लिए चीजें आसान हो जाएंगी। उन्हें यह बताने की कोशिश करें कि कैसे वे कई तरह के काम इससे आसान कर सकती हैं और सुलझा सकती हैं, कैसे वह AI से कुछ भी पूछ सकती है। अगर कोई बिजनेस करना चाहती हैं, तो उसके लिए भी इसका इस्तेमाल करें। उनको यह भी राय दे सकती हैं कि वह अपने AI दोस्त को कुछ नाम दे दें, जिससे उन्हें उनके साथ एक कनेक्शन महसूस हो। उन्हें याद दिलाएं कि वह पहले से ही रोजमर्रा के टूल्स में बेसिक AI का इस्तेमाल कर सकती हैं, जैसे कि स्मार्टफोन पर फोटो खोजना, ऑटोकरेक्ट, या Alexa और Google Assistant जैसे वॉइस असिस्टेंट।
जरूरी कामों में मदद
अपनी मां को यह समझाने की कोशिश करें कि उनकी रोजमर्रा की जिंदगी की किसी असली समस्या को हल करने में यह मदद करेगा। जैसे कि उन्हें बताएं कि वह यह सवाल कैसे पूछ सकती है, परिवार का कैलेंडर मैनेज करना, AI का इस्तेमाल करके ईमेल लिखें, किराने के सामान की लिस्ट बनाना या हफ्ते भर के कामों का ऐसा शेड्यूल बनाएं, जिसमें काम और आराम, दोनों का सही तालमेल हो। साथ ही साथ अगर वह बच्चों को स्कूल के काम में मदद करती है, तो उन्हें दिखाएं कि AI कैसे पहली क्लास के मुश्किल मैथ या साइंस के कॉन्सेप्ट को इस तरह समझा सकता है, जो किसी भी बच्चे को आसानी से समझ में आ जाए। उन्हें सुझाव दें कि वह AI का इस्तेमाल करके पैसे की बेवजह होने वाली खर्च का पता लगाएं या परिवार के खर्च के आधार पर बचत की आसान योजनाएं बनाएं।
शिक्षित करेगा AI

AI उनके लिए बिल्कुल सुरक्षित है, इस बात का भरोसा दिलवाने के लिए या भरोसा बनाने के लिए, प्राइवेसी और सुरक्षा के बारे में संक्षेप में बात करें। उन्हें समझाएं कि वह इसका इस्तेमाल कई चीजों के लिए कर सकती है, लेकिन उन्हें AI ऐप्स के साथ परिवार की संवेदनशील तस्वीरें या निजी वित्तीय जानकारी शेयर नहीं करनी चाहिए।
बिजनेस शुरू करना है तो
AI कई लिहाज से आपकी मां को किसी बिजनेस की शुरुआत में मदद कर सकता है। जी हां, इसके लिए एक सही बिजनेस चुनें। टेक्नोलॉजी से शुरुआत करने की बजाय, उनकी स्किल्स पर फोकस करें। AI फिर उनकी हॉबी और एक प्रोफेशनल बिजनेस के बीच के गैप को भर सकता है। जैसे कि अगर वह बुनाई करती हैं, बेकिंग करती हैं या ज्वेलरी बनाती हैं, तो AI उन्हें प्रोफेशनल ब्रांडिंग और स्टोरफ्रंट सेटअप में मदद कर सकता है। वहीं अगर वह एक बेहतरीन कुक या ट्यूटर है, तो वह डिजिटल प्रोडक्ट्स, जैसे मील प्लान PDF या ऑनलाइन कोर्स बना सकती है। वहीं वह एक AI-पावर्ड वर्चुअल असिस्टेंट बन सकती है, जो दूसरों के लिए ईमेल और शेड्यूल मैनेज कर सकती हैं।
मुफ्त शैक्षिक संसाधन

अगर वह ज्यादा व्यवस्थित तरीका चाहती हैं, तो वह इन शुरुआती लोगों के लिए आसान विकल्पों को देख सकती हैं, जैसे कि Skill India Digital Hub, यह 'AI for Entrepreneurship' का एक मुफ्त मॉड्यूल देता है, जो खास तौर पर किसी आइडिया से बिजनेस बनाने के लिए है। साथ ही AI for Non-Techies, NanoSchool का एक कोर्स है, जो पेशेवरों और उद्यमियों के लिए बनाया गया है, ताकि वे बिना कोडिंग के AI की बुनियादी बातें सीख सकें। इनके अलावा, AI-Empowered Mom, यह उन मांओं के लिए सलाह और संसाधन देता है, जो अपने समय का सही इस्तेमाल करना चाहती हैं और बिजनेस बनाना चाहती हैं। तो इन सबके माध्यम से महिलाएं खुद को तकनीकी रूप से मजबूत बना सकती हैं।