अब भी ऐसे कई लोग हैं, जो घर में बेटी के पीरियड आने पर टेंशन का माहौल बना देते हैं। जबकि बच्चों को खेल-खेल में सबकुछ सिखाने की जरूरत है। आइए जानते हैं विस्तार से।
क्यों है ये जरूरी

बेटी को खेल-खेल में पीरियड (मासिक धर्म) के बारे में समझाना एक बहुत ही संवेदनशील और खूबसूरत तरीका है ताकि वह डरे नहीं, बल्कि इसे एक सामान्य और स्वस्थ शारीरिक बदलाव के रूप में स्वीकार करे। जब खेल और एक्टिविटी के जरिए बात की जाती है, तो हिचकिचाहट पूरी तरह खत्म हो जाती है।
'DIY पीरियड किट' मेकिंग गेम
जी हां, यह शानदार तरीका हो सकता है कि आप अपनी बेटी को साथ लेकर एक प्यारा-सा छोटा पर्स या बॉक्स सजाने का खेल खेलें और उनके साथ कुछ अच्छी ऐक्टिविटी करें, जैसे इसे आप 'सुपरगर्ल सीक्रेट किट' नाम दे सकती हैं। आपको एक बॉक्स तैयार करना है और उस पर कई तरह के शानदार कोट्स लिख लेने हैं। जैसे कि बॉक्स में सुंदर पैड, गीले टिशू, एक साफ अंडरवियर और कुछ चॉकलेट रखें। उन्हें इस खेल से समझाने की कोशिश करें कि यह एक नयी शुरुआत है और खेल के दौरान उसे बताएं कि जब लड़कियां बड़ी होती हैं, तो शरीर को साफ रखने के लिए इन चीजों की जरूरत पड़ती है।
'डॉक्टर-डॉक्टर' या रोल प्ले गेम

लड़कियां बचपन में यह गेम बहुत शौक से खेलती हैं। आप इसमें मरीज और वो डॉक्टर बन सकती है, आपको यह दिखाना है कि खेल-खेल में क्या-क्या हो सकता है, आप नाटक करें कि आपके पेट में हल्का दर्द है, डॉक्टर साहब, जब लड़कियां बड़ी होती हैं, तो हर महीने 4-5 दिन पेट में ऐसा मीठा-मीठा दर्द होना नॉर्मल है ना? इसके लिए मुझे क्या करना चाहिए? इस खेल से वह सीखेगी कि पीरियड में हल्का दर्द होना सामान्य है और उस समय हॉट वाटर बैग या आराम की जरूरत होती है।
स्टोरी टेलिंग
आपको कुछ-कुछ बातें, बच्ची को कहानी के माध्यम से समझानी होगी, जैसे कि कहानियों के जरिए बच्चियां हर बात को जल्दी और बिना डरे सीख जाते हैं। जैसे उसे एक तितली की कहानी सुनाएं, जो पहले एक छोटा सा कैटरपिलर (कीड़ा) थी और बाद में सुंदर पंखों वाली तितली बन गई। इसी तरह, जब तुम छोटी बच्ची से एक समझदार लड़की बनोगी, तो तुम्हारे शरीर में भी जादुई बदलाव आएंगे। पीरियड आना उसी बदलाव का एक खूबसूरत हिस्सा है, जो दिखाता है कि तुम पूरी तरह हेल्दी हो।
पैड टेस्टिंग एक्सपेरिमेंट

यह खेल पैड को लेकर उसकी हिचकिचाहट और डर को पूरी तरह खत्म कर देगा। इसके लिए आपको करना यह है कि आपको एक सैनिटरी पैड लेना है और बेटी को एक ड्रॉपर या छोटी चम्मच दें, साथ ही चम्मच में थोड़ा सा लाल रंग मिला हुआ पानी लें और उसे पैड पर धीरे-धीरे गिराने को कहें। उसे दिखाएं कि कैसे पैड सारा पानी सोख लेता है और ऊपर से सूखा रहता है। उसे समझाएं कि जब पीरियड का खून बाहर आता है, तो यह पैड कपड़ों को खराब होने से बचाता है। ध्यान रखें कि आपको बच्चियों के साथ ये सारे खेल जल्दी ही सिखाएं, तो जब पहली बार उन्हें पीरियड आएगा, तो वो इसे हौवा नहीं बनाएंगी।