बिहार की महिलाएं जल्द ही बिहार राज्य महिला आयोग में अपनी शिकायत ऑनलाइन दर्ज करा सकेंगी। जिससे उन्हें अपनी शिकायतें दर्ज कराने के लिए महिला आयोग के कार्यालय नहीं आना होगा। इससे यह सुविधा मिलती है कि महिलाएं आसानी से किसी भी स्थान पर रहते हुए अपनी शिकायतों को महिला आयोग तक पहुंचा कर खुद को किसी भी प्रकार की हिंसा से सुरक्षित कर सकती हैं। इस संबंध में आयोग की अध्यक्ष ने इस बात की जानकारी दी है कि इस तरह से महिलाओं की आसानी से मदद की जा सकेंगी। खासतौर पर ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों की महिलाओं को इससे अधिक लाभ मिलेगा।
कई बार ऐसा होता है कि महिलाओं को अपनी शिकायत महिला आयोग तक पहुंचाने के लिए आयोग के कार्यालय आने में काफी परेशानी होती है और अधिक दूरी होने के कारण कई महिलाएं पहुंच भी नहीं पाती हैं। इस सुविधा के कारण महिलाओं को अपने गांव और कस्बे को छोड़कर पटना महिला आयोग के कार्यालय नहीं आना पड़ेगा। महिलाएं ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगी और उन पर महिला आयोग जल्द ही संज्ञान ले पाएगा। महिलाओं को आवेदन करने के लिए महिलाओं को सबसे पहले ऑनलाइन मौजूद फॉर्म को भरना होगा। शिकायतकर्ता को आरोपी के बारे में सारी जानकारी देनी होगी। साथ ही अपनी पूरी पहचान का विवरण भी देना होगा। महिलाओं के लिए फार्म में कई सारी शिकायत की श्रेणियां बनाई गई हैं।
महिलाएं दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, यौन उत्पीड़न,विवाहेतर संबंध, बलात्कार का प्रयास के साथ अपने साथ हुई किसी भी तरह की हिंसा की शिकायत कर सकती हैं। एक साथ सारे विवरण देने के बाद और डिजिटल हस्ताक्षर के बाद आवेदन को पूर्ण माना जाएगा। इसके बाद आयोग मामले पर संज्ञान लेकर अपनी जांच को आगे बढ़ाता है। इस मामले को लेकर अधिकारियों का कहना है कि ऑनलाइन व्यवस्था से मामलों को त्वरित पंजीकरण किया जाएगा और महिलाओं को बार-बार कार्यालय जाने से मुक्ति मिलेगी। इस तरह महिला आयोग महिलाओं से जुड़ी शिकायतों को जल्द से जल्द निपटा सकेगी।