पानी न केवल हमारी जिंदगी के लिए जीवन है। इस वजह से जल को जीवन कहते हैं। लेकिन यही पानी कई महिलाओं को आर्थिक तौर पर आजादी देने का भी सराहनीय कार्य कर रहा है। शुद्ध पानी के जरिए कई महिलाएं महीने में हजारों की कमाई कर रही हैं। झारखंड के पथरगामा प्रखंड के घाट कुरबा की काजल देवी ने गांव और करीब के परिसर के लिए साफ पेयजल का व्यवसाय शुरू किया। साथ ही मां लक्ष्मी महिला मंडल की भी शुरुआत की। घाट कुरबा गांव की 10 महिलाओं ने मिलकर मां लक्ष्मी महिला मंडल नामक समूह का गठन किया।
इस समूह की महिलाओं को जल का व्यवसाय शुरू करने से पहले प्रशिक्षण दिया गया। इस प्रशिक्षण में खासतौर पर दूषित पानी से होने वाली बीमारियों से बचाव कैसे किया जाए, इसकी जानकारी दी गई। खासतौर पर डायरिया के खतरे से बचाव से जुड़ी जानकारी दी गई है। इस दौरान काजल को यह महसूस हुआ कि पानी हमारा जीवन है। लेकिन साफ पानी होना चाहिए। इस अहम जानकारी के प्राप्त कर काजल ने सबसे पहले अपने घर में एक छोटा फिल्टर इस्तेमाल किया। इस फिल्टर की सहायता से पानी को साफ करने का काम किया जाता है। इस फिल्टर का सकारात्मक प्रभाव देखने के बाद उन्होंने अपने गांव में पानी को साफ करने का फैसला लिया।
ग्राम संगठन और किसी तरह कर्ज लेकर उन्होंने अपने गांव में आरओ पानी प्लांट स्थापित किया। इस प्लांट के जरिए काजल न सिर्फ अपने गांव में बल्कि आस-पास के परिसर में भी साफ पावी की व्यवस्था करवा रही हैं। इस आरओ प्लांट से एक तरफ काजल देवी गांव को बीमारियों से दूर रख रही हैं, वहीं 10 रुपए प्रति 20 लीटर की दर से साफ पानी में उपल्बध करवा रही हैं। इस आरओ के कारण हर महीने काजल देवी की 50 हजार के करीब की कमाई हो जाती है।