ठंड के मौसम में हरी सब्जियां आसानी से मिल जाती है। खासतौर पर पालक आपकी सेहत के लिए पोषण का खजाना लेकर आता है। पालक एक ऐसी हरी सब्जी है, जिसे सुपरफुड कहा जाता है। पालक में अधिक मात्रा में आयरन, कैल्शियम, फाइबर, विटामिन ए और सी भरपूर मात्रा में पाया जाता है। आप पालक की सब्जी. पालक पनीर या फिर दाल पालक बनाकर इसका इस्तेमाल करती हैं। लेकिन क्या आप जानती हैं कि पालक से आप कई तरह की अलग और यूनिक रेसिपी भी बना सकती हैं। आइए जानते हैं विस्तार से।
पालक और ओट्स टिक्की

ओट्स और पालक को मिलाकर आप खुद के लिए एक सेहतमंद टिक्की तैयार कर सकती हैं। इसे बनाने के लिए सबसे पहले पालक को बारीक काट लें इसके साथ दरदरा पिसा हुआ ओट्स लें। एक बाउल में पालक , ओट्स और मैश किया हुआ शकरकंद और सारे मसाले यानी कि अदरक, नमक, गरम मसाला, चाट मसाला एक साथ मिलाएं। इसे अच्छे से मिलाकर एक टिक्की तैयार करें और फिर नॉन-स्टिक तवे पर थोड़ा- सा तेल डालकर टिक्कियों को दोनों तरफ से सुनहरा होने तक सेंक लें। इसके बाद आप इसे चटनी या फिर दही के साथ इसका सेवन कर सकती हैं।
पालक पराठा

आप पालक का पराठा भी बना सकती हैं, वो भी एक नए ट्विस्ट के साथ। यह पराठा एक तरह से रोल की तरह काम करता है। इस पराठे के लिए आपको गेहूं का आटा, नमक स्वादानुसार और एक चम्मच तेल का इस्तेमाल करना है। आपको स्टफिंग के लिए बारीक कटा हुआ 2 कप पालक लेना है। आधा कप कद्दूकस किया हुआ पनीर लें। लहसुन और जीरा भी रखें। इसे बनाने के लिए सबसे पहले पालक को हल्का-सा भून लें। इससे पालक का पानी निकल जाएगा। अब इसमें पनीर और मसाला मिलाएं। आटे की पतली रोटी बेलकर इस पर स्टफिंग फैलाएं और पराठा सेक लें और ठंडा करके रोल की तरह मोड़ लें। आप इस पालक पराठा रोल को दही, अचार या फिर चटनी के साथ सेवन कर सकती हैं।
पालक और कॅार्न की क्रीमी सूप बनाने की विधि

आप इस क्रीमी सूप को बिना क्रीम के भी बना सकती हैं। इसे बनाना बेहद आसान है। इस सूप की खूबी यह है कि बिना फ्रेश क्रीम के भी यह बेहद क्रीमी और स्वादिष्ट लगता है। इसे बनाने के लिए आपको 3 कप पालक, एक कप स्वीट कॅार्न, बारीक कटा हुआ प्याज, 2 कली लहसुन, आधा कप दूध और नमक या फिर काली मिर्च लें। इसे बनाने के लिए सबसे पहले पालक और कॉर्न को उबाल लें और फिर मिक्सर में पीस लें। अब पैन में थोड़ा- सा तेल डालकर प्याज और लहसुन भूनें। इसमें फिर आपको पालक-कॅार्न का पेस्ट मिलाना है। इसमें दूध मिलाएं और 5 मिनट तक इसे अच्छी तरह से पकाएं। इसके बाद आप इस सूप का सेवन कर सकती हैं।
पालक से बनने वाला ग्रीन ढोकला

आप पालक से एक पारंपरिक ढोकला बना सकती हैं। यह ढोकला सेहतमंद होने के साथ स्वादिष्ट भी होता है। इसे बनाने के लिए आपको एक कप बेसन,आधा कप पालक की प्यूरी, आधा कप दही, एक चम्मच ईनो, नमक स्वादानुसार इस्तेमाल करना है। आपको इन सभी सामग्री को मिलाकर स्मूथ बैटर बनाना है। अंत में ईनो डालकर हल्के हाथ से मिलाएं और इसके बाद स्टीमर में इसे 15 मिनट तक इसे पकाएं। इसके बाद आपको ऊपर से राई और करी पत्ता का तड़का लगाएं। आप इस पालक वाले ग्रीन ढोकला को हरी चटनी या फिर इमली की चटनी के साथ परोसें।
पालक के साथ बनाएं चॉकलेट स्मूदी

आप पालक के साथ चॉकलेट स्मूदी भी बना सकती हैं। मीठी होने के बाद भी यह सेहतमंद होती है। इसे बनाने के लिए कच्चा पालक, एक केला, कोको पाउडर, शहद और दूध को एक साथ मिलाकर ब्लेंडर में स्मूथ पेस्ट बना लें। इसके बाद ठंडा करके इसे सर्व करें।
पालक चिप्स बनाने की रेसिपी

पालक चिप्स एक हेल्दी स्नैक है, जो बच्चों और बड़ों सभी को पसंद आता है। यह कम तेल में बनते हैं, कुरकुरे होते हैं और शाम की चाय या व्रत के बाद हल्के स्नैक के लिए परफेक्ट हैं।
इसे बनाने के लिए पालक के पत्तों को अच्छी तरह धोकर पूरी तरह सुखा लें और ध्यान दें कि आपको पानी का बिल्कुल भी इस्तेमाल नहीं करना है। अगर आप पानी का इस्तेमाल करती हैं, तो चिप्स कुरकुरे नहीं बनते हैं। इसके साथ आपको पालक की मोटी डंठल हटा दें। एक बड़े बाउल में पालक के पत्ते को डालें और फिर ऊपर से तेल, नमक, काली मिर्च पाउडर, लहसुन पाउडर मिलाकर हल्के हाथ से मिक्स करें। इसके बाद एक पैन में तेल गर्म करें और पालक के पत्ते लें और मीडियम आंच पर चलाकर सेकें। 2 से 3 मिनट में पालक के पत्ते सिकुड़कर क्रिस्पी हो जायेंगे, तो प्लेट पर निकाल दें। आप इसे बेकिंग ट्रे में भी डालकर बिना तेल के बना सकती हैं। एयर फ्रायर में भी इसे आसानी से बनाया जा सकता है। यह आयरन से भरपूर और कल कैलोरी युक्त होता है।
पालक दलिया
आप बच्चों के लिए सेहतमंद पालक दलिया भी बना सकती हैं। इसे बनाना बेहद आसान है। इसे बनाने के लिए सबसे पहले पालक को अच्छी तरह से साफ कर लें और फिर पालक, गाजर, बीट और अपनी पसंद की अन्य सब्जी के साथ आधा इंच अदरक, लहसुन की कलियां 4 और स्वादानुसार हरी मिर्च मिलाकर एक पेस्ट तैयार कर ले। एक पैन गर्म करें और उसमें तेल या फिर घी डालें इसके साथ जीरा और बारीक कटा हुआ प्यार और टमाटर मिलाएं। प्याज और टमाटर के गलने के बाद पालक की प्यूरी मिला दें और पनीर के क्यूब भी मिला लें। आप इसमें बिरयानी मसाला भी मिला सकती है। इसके बाद ऊपर से एक चम्मच घी ऊपर से डालें और कुकर की 3 सीटी आने तक इसे पकाएं । आप यह स्वाद से भरी हुई खिचड़ी बच्चों को भी खिला सकती हैं। दही के रायते के साथ इसका स्वाद और बढ़ जाता है।
उल्लेखनीय है कि पालक को आप एक नहीं बल्कि कई तरह से खाने में इस्तेमाल कर सकती हैं। पालक का चिप्स, पालक का चिवड़ा,पालक का रायता के साथ स्मूदी के तौर पर भी पालक का सेवन आपकी सेहत के लिए वरदान बन सकता है।