गर्मी का मौसम आने के साथ अंगूर भी बाजार में दिखाई देने लगता है। क्या आप जानती हैं कि आप सफेद और काले अंगूर से कई तरह की डिश बना सकती हैं। हरे हो या काला अंगूर से आप कई तरह की ड्रिंक और डिश बना सकती हैं। अंगूर की बात की जाए, तो इसमें कई तरह के विटामिन मौजूद होते हैं। अंगूर में विटामिन सी, विटामिन के, एंटीऑक्सीडेंट और फाइबर भरपूर मात्रा में होता है। हरे अंगूर मीठे होने के साथ खट्टे भी होते हैं। काले अंगूर ज्यादा मीठे होते हैं। आइए विस्तार से जानते हैं कि हरे और काले अंगूर से बनने वाली कई तरह की रेसिपी के बारे में।
अंगूर की चटनी

आप अंगूर से सबसे आसान तरीके से चटनी बना सकती हैं। सफेद और काले अंगूर से बनी हुई चटनी काफी स्वादिष्ट होती है। इसे बनाने के लिए अंगूर लेकर उसे अच्छी तरह से पानी से साफ कर लें या फिर नमक के पानी में काले और सफेद अंगूर को कुछ समय के लिए रख दें। इसे चटनी को तैयार करने के लिए अंगूर, हरी मिर्च, धनिया, पुदीना, नमक और नींबू का रस मिलाकर अच्छी तरह से पीस लें। आप इस चटनी को अपनी पसंद के पराठे, समोसे और स्नैक्स के साथ खाने में काफी अच्छी लगती है।
अंगूर का सलाद बनाने की रेसिपी विस्तार से

अंगूर से सलाद बनाना भी काफी आसान है। इसे तैयार करने के लिए एक किलो ताजा अंगूर लें। साथ ही 200 ग्राम क्रीम चीज, आधा कप खट्टा क्रीम, स्वादानुसार चीनी ,एक छोटा चम्मच वनीला एक्सट्रैक्ट जरूरी है। बारी आती है अंगूर का सलाद बनाने की। एक बड़े बाउल में नरम क्रीम चीज, खट्टा क्रीम, चीनी और वनीला एक्सट्रैक्ट को इलेक्ट्रिक मिक्सर या व्हिस्की अच्छी तरह से फेंटें। इसके बाद अंगूर को अच्छी तरह धोकर सुखाए हुए अंगूरों को इस क्रीम मिश्रण में डालें। स्पैचुला की सहायता से अंगूरों को धीरे से मिलाएं। सलाद को एक सर्विंग डिश में निकालें और कम से कम एक घंटा या रात भर के लिए फ्रिज में ठंडा होने के लिए रख दें। आपको परोसने से ठीक पहले ऊपर से कटे हुए अखरोट और ब्राउन शुगर छिड़क सकती हैं। आप क्रंच के लिए ऊपर से ब्राउन शुगर और नट्स डालें। इससे एक कुरकरापन आ जाता है।
अंगूर की खीर बनाने की विधि विस्तार से

अंगूर की खीर बनाने के लिए सबसे पहले चावल को अच्छी तरह से साफ कर लें और 20 से 30 मिनट के लिए पानी में भिगो दें और इससे यह होगा कि चावल जल्दी और अच्छी तरह से पक जाते हैं। एक पैन में दूध डालकर उसे अच्छी तरह से मध्यम आंच पर उबाल लें। इसके बाद भीगे हुए चावल का पानी निकालकर उसमें दूध डाल दें और फिर धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए चावल को पकाएं। आपको इसी तरह से दूध को पकाते हुए खीर को गाढ़ा करना है। आप अपने स्वाद के अनुसार शक्कर भी मिला सकती हैं। इसके बाद अपनी पसंद के अनुसार ड्राई फ्रूट्स ( मेवा) यानी कि काजू, बादाम और किशमिश को हल्का सुनहरा होने तक भून लें और फिर खीर में इसे मिला लें। जब खीर पूरी तरह से ठंडी हो जाती है, तो कटे हुए अंगूर को खीर में डालकर मिला लें। आपको इस खीर को एक से 2 घंटे के लिए ठंडा करना चाहिए। इससे स्वाद बेहतरीन हो जाता है।
अंगूर की मिठाई बनाने की विधि विस्तार से

आप त्योहार के मौके पर अंगूर की मिठाई भी बना सकती हैं। यह एक बेहतरीन स्वाद से भरी हुई डिश है। इसे बनाने के लिए सबसे पहले अंगूर को अच्छी तरह साफ कर लें।। उन्हें बीच से काट लें। अगर बीज हों तो निकाल दें। आप चाहें, तो आधे अंगूर पीसकर पल्प भी बना सकती हैं। इससे मिठाई का फ्लेवर और गाढ़ा हो जाएगा। एक पैन में दूध को गर्म करें और फिर एक छोटे बाउल में कॉर्नफ्लोर और थोड़ा दूध मिलाकर घोल बनाएं। आपको इसे गर्म दूध में डालें और लगातार चलाते रहना है, ताकि गुठलियां न बनें। आपको मिठास लाने के लिए कंडेंस्ड मिल्क और चीनी मिलाना चाहिए। इसे आपको 3 से 4 मिनट तक पकाना है। आप ऊपर से फ्रेश क्रीम डालकर अच्छी तरह से मिला सकती हैं। ऊपर से अंगूर के पल्प या फिर कटा हुआ अंगूर भी मिला सकती हैं। आपको धीमी आंच पर 2 से 3 मिनट हल्का पकाएं। एक पैन में घी गर्म करें और फिर काजू, बादाम सुनहरा होने तक भून लें और मिठाई में मिला दें। आप ऊपर से कुछ ताजे अंगूर से इसे सजा सकती हैं।
अंगूर का हलवा बनाने की रेसिपी विस्तार से

आप अंगूर के साथ हलवा भी बना सकती हैं। यह काफी स्वादिष्ट होता है। इसे बनाना बेहद आसान है। सबसे पहले अंगूर को अच्छी तरह से साफ कर लें। उन्हें आधा काट लें और बीज दिखाई दें, तो उसे निकाल दें। इसके बाद स्मूद पेस्ट बना लें। एक पैन में घी गर्म करें और इसमें काजू, बादाम और किशमिश डालकर सुनहरा होने तक भून लें। इन्हें अलग निकाल लें। एक अन्य पैन में सूजी या बेसन को भून लें। और सुनहरा और खुशबूदार होने तक भून लें। सूजी या बेसन को अच्छी तरह से भून लेने के बाद धीरे-धीरे अंगूर का पल्प जालें। अब इसमें दूध डालें और अच्छी तरह मिलाएं। फिर चीनी डालें और धीमी आंच पर इसे पकाएं। जब यह गाढ़ा होकर पैन को छोड़ने लगे, तब समझ लें कि हलवा तैयार है। अब इलायची पाउडर और केसर डालें। भुने हुए ड्राई फ्रूट्स डालकर अच्छी तरह मिलाएं। गरम-गरम हलवा परोसें या हल्का ठंडा करके भी खा सकते हैं। आपको यह ध्यान रखना है कि काले अंगूर का उपयोग ज्यादा करें, इससे रंग और स्वाद बेहतर आता है। बहुत ज्यादा खट्टे अंगूर न लें। अगर हलवा ज्यादा गाढ़ा हो जाए तो थोड़ा दूध मिलाकर सही कंसिस्टेंसी पा सकते हैं। बेसन से बना हलवा ज्यादा रिच और देसी स्वाद देता है, जबकि सूजी वाला हल्का होता है।
अंगूर से बनने वाले जूस की रेसिपी विस्तार से
अंगूर का जूस बनाना बेहद आसान है। इस जूस को तैयार करने के लिए सबसे पहले हरे या फिर काले अंगूर साफ करके और पानी से धोकर रख लें। आप अंगूर को 10 से 15 मिनट के लिए नमक के पानी में भिगोकर रखें। इसके बाद फिर से साफ पानी में 2 से 3 बार धोकर रख लें। इसे बाद साफ किए अंगूर को पीस लें। अपनी जरूरत के अनुसार ठंडा पानी मिलाएं। इसके बाद सभी सामग्री को अच्छी तरह से मिलाकर छन्नी से छान लें। आप इस जूस में काली मिर्च का पाउडर, नमक और शहद स्वादानुसार मिला सकती हैं। आप यह भी कर सकती हैं कि अंगूर को पीसने से पहले उसे 2 से 3 घंटे के लिए फ्रिज में रख दें। इससे जूस ठंडा बनेगा।