बच्चों के खान-पान में स्मूदी न केवल स्वाद लेकर आती है,बल्कि सेहत के लिए फायदेमंद मानी गई है। स्मूदी बच्चों को काफी पसंद होती है। बच्चे अक्सर इस बात की मांग करते हैं कि उन्हें स्मूदी चाहिए। आज हम आपको यही बताने जा रहे हैं कि कैसे आप फलों के साथ बच्चों के लिए एक सेहतमंद स्मूदी बना सकती हैं। हम आपको पांच तरह की ऐसी सेहतमंद स्मूदी के बारे में बताने जा रहे हैं, जो कि स्वादिष्ट होने के साथ पोषण से भरपूर है। हर स्मूदी में ऐसे तत्व शामिल किए गए हैं, जो बच्चों को शारीरिक और मानसिक बढ़त में भी सहायक होते है। आइए जानते हैं विस्तार से।
मैंगो बनाना स्मूदी बनाने की विधि विस्तार से

इसे बनाने के लिए एक अच्छा आम लें और फिर उसे अच्छी तरह से साफ कर लें और फिर आम को छीलकर उसको टुकड़ों में काट लें और फिर केले को छीलकर उसको भी टुकड़ों में काट लें। अगर आपको स्मूदी को ठंडा बनाना है, को फलों को काटने से पहले फ्रिज में रख दें। इसके बाद एक ब्लेंडर या फिर मिक्सर में कटे हुए आम, केले, दूध और शहद को डालें और फिर अगर आपको स्मूदी ठंडा चाहिए, तो बर्फ के टुकड़े भी डाल सकती हैं। ध्यान रखें कि सभी चीजों को अच्छी तरह से ब्लेंड करें जब तक स्मूदी एकदम क्रीमी और स्मूद न हो जाए। अगर स्मूदी गाढ़ी लग रही हो तो थोड़ा और दूध डाल सकती हैं। इसे परोसने के लिए तैयार स्मूदी को एक ग्लास में निकाले ऊपर से कटे हुए काजू और बादाम या फिर पुदीने की पत्ती से इसे गार्निश करें और तुरंत परोसें। आपके बच्चे को यह मैंगो बनाना स्मूदी काफी पसंद आएगी। एक बार जरूर इसे अपने बच्चों के लिए बनाएं।
ग्रीन स्मूदी बनाने की विधि विस्तार से

बच्चों के लिए ग्रीन स्मूदी काफी फायदेमंद होती है। इसे पालक के साथ बनाया जाता है, जो कि स्वाद और सेहत से भरपूर होती है। इसे बनाने के लिए पालक को अच्छी तरह से धोकर बारीक काट लें और फिर केले को छीलकर उसे टुकड़ों में काटें। सेब या आम को छीलकर बीज निकाले और काटें। इसी के साथ खीरे को छीलकर उसके भी टुकड़े काट लें। ब्लेंडर में इन सबको मिलाने की भी एक प्रक्रिया है। सबसे पहले ब्लेंडर में सबसे पहले पानी या नारियल पानी डालें फिर इसके बाद पालक, केला, सेब, आम, खीरा, अदरक और पुदीना डालें और सबको एक साथ मिलाएं। फिर नींबू का रस और शहद भी मिलाएं। आप अपनी पसंद के अनुसार बर्फ के टुकड़े मिलाकर इसे ठंडा भी बना सकती हैं। इसके बाद सारी सामग्री को अच्छी तरह ब्लेंड करें जब तक स्मूदी एकदम क्रीमी और स्मूथ न बन जाए । यदि आवश्यकता हो तो थोड़ा और पानी डालें ताकि गाढ़ापन आपकी पसंद अनुसार हो। फिर तैयार ग्रीन स्मूदी को गिलास में डालें। ऊपर से चाहें तो चिया सीड्स, अलसी के बीज या थोड़ा पुदीना सजाकर परोसें। आप इसे ठंडा-ठंडा पिएं।
बच्चों के लिए बेरी योगर्ट स्मूदी को बनाने की विधि विस्तार से

बच्चों के लिए बेरी योगर्ट एक पोषण से भरपूर स्मूदी है। इसमें अधिक मात्रा में प्रोटीन,कैल्शियम, विटामिन सी और फाइबर होता है, जो कि बच्चों की ग्रोथ और इम्यूनिटी के लिए बहुत अच्छा माना गया है। इसे बनाने के लिए मिक्स बेरीज में स्ट्रॉबेरी, ब्लूबेरी और रास्पबेरी एक साथ धोकर साफ कर लें। फिर केले को छीलकर टुकड़े में डालें। एक ब्लेंडर जार में सभी बेरीज को एक साथ मिलाएं और उसके साथ केला, दही, दूध, शहद, दालचीनी और अगर आपके बच्चे को पसंद है, तो आप बर्फ भी मिला सकती हैं। सारी चीज़ों को अच्छे से ब्लेंड करें जब तक स्मूदी एकदम क्रीमी और स्मूद न बन जाए। अगर बहुत गाढ़ी लगे, तो थोड़ा और दूध मिला सकती हैं। तैयार स्मूदी को बच्चे के पसंदीदा गिलास या कप में डालें। चाहें तो ऊपर से एक स्ट्रॉबेरी का टुकड़ा या रंगीन स्ट्रॉ (straw) लगाएं, तो इससे बच्चों को मजा आएगा। जानकारों का मानना है कि बेरीज एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर, रोग प्रतिरोधक शक्ति बढ़ाते हैं। केले के सेवन से एनर्जी बढ़ती है। दही के जरिए प्रोटीन, कैल्शियम और प्रोबायोटिक मिलता है। दालचीनी के जरिए पाचन सही रहता है और प्राकृतिक मिठास भी मिलती है।
ड्राई फ्रूट्स स्मूदी बनाने की विधि विस्तार से

ड्राई फ्रूट्स स्मूदी बनाने के लिए सभी सूखे मेवे (काजू, बादाम, अंजीर, खजूर, पिस्ता) को 2–4 घंटे के लिए पानी या दूध में भिगो दें, ताकि वे नरम हो जाएं और आसानी से ब्लेंड हो सकें। ध्यान दें कि बादाम का छिलका उतार कर स्मूदी बनाएं। इससे स्मूदी ज्यादा स्मूद बनेगी। इसके बाद भिगोए हुए काजू, बादाम, पिस्ता, अखरोट, खजूर, अंजीर को मिक्सर में डालें और दूध के साथ मिलाकर अच्छी तरह से पीस लें और साथ में स्वादानुसार शहद या गुड़ मिलाएं। साथ ही केसर और दालचीनी भी मिलाएं। ध्यान दें कि इसे तब तक ब्लेंड करें जब तक एकदम क्रीमी पेस्ट न बन जाए। अब बाकी दूध डालें और फिर से अच्छे से ब्लेंड करें। अगर स्मूदी गाढ़ी हो तो थोड़ा और दूध मिला लें। आप इस तैयार स्मूदी को गिलास में डालें और फिर ऊपर से कुछ कटे हुए सूखे मेवे डालकर सजाएं। जानकारों के अनुसार यह स्मूदी प्रोटीन से भरपूर होती है।
बच्चों के लिए चॉकलेट ओट्स स्मूदी बनाने की विधि विस्तार से

इसे बनाने के लिए एक सूखी कड़ाही में ओट्स को हल्की आंच पर 2-3 मिनट भून लें जब तक हल्की खुशबू न आने लगे। इससे स्मूदी में अच्छा टोस्टेड फ्लेवर आता है और वह पचने में आसान हो जाता है। केला छीलकर टुकड़ों में काट लें। यदि पीनट बटर ठोस है, तो उसे थोड़ा सा गर्म पानी में हल्का घोल सकती हैं। अगर आप खजूर का सिरप इस्तेमाल कर रहे हैं तो खजूर को गर्म पानी में भिगोकर मिक्सी में पेस्ट बना सकती हैं। मिक्सर या ब्लेंडर में भुने हुए ओट्स, कटे हुए केले, दूध, कोको पाउडर, शहद/खजूर का सिरप, पीनट बटर और वैनिला एसेंस डालें। यदि आप स्मूदी ठंडी देना चाहती हैं तो बर्फ के टुकड़े भी डाल सकती हैं। सबको 1-2 मिनट तक स्मूथ पेस्ट और लिक्विड कंसिस्टेंसी तक ब्लेंड करें। तैयार स्मूदी को एक रंग-बिरंगे गिलास में डालें। जानकारों के मुताबिक ओट्स में अच्छी मात्रा में फाइबर और आयरन होता है। इससे पाचन में सुधार होता है।। केले से एनर्जी मिलती है और कोको पाउडर बिना शुगर के लिया जाए, तो एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होता है। पीनट बटर भी हेल्दी फैट और प्रोटीन का अच्छा स्रोत माना गया है। शहद और खजूर को नेचुरल स्वीटनर माना जाता है।
स्मूदी बनाने के लिए ध्यान रखें जरूरी बातें

स्मूदी को मीठा बनाने के लिए शक्कर का उपयोग न करें। इसके बदले पके हुए केले, खजूर या फिर फलों की नेचुरल मिठास का उपयोग करें। ओट्स को स्मूदी में इस्तेमाल करने से पहले हल्का-सा भून लें। बादाम का उपयोग करने से पहले उसे रात भर भिगो कर रखें। हर तरह की चीजें एक साथ मिलाने से स्वाद गड़बड़ा सकता है और बच्चों को पसंद नहीं आएगा। एक फल, एक लिक्विड, थोड़ा प्रोटीन और एक फ्लेवरिंग एजेंट इसी को ध्यान में रखते हुए स्मूदी बनाएं। बच्चों के लिए स्मूदी बनाते समय अधिक बर्फ का इस्तेमाल न करें। स्मूदी को सेहतमंद बनाने के लिए उसमें पीनट बटर, दही ओट्स और चिया सीड्स या भिगोए हुए बादाम को मिलाएं। फल हमेशा ताजा ही इस्तेमाल करें।