गर्मी का मौसम आने के साथ सबसे मुश्किल काम खाना बनाने को लेकर आता है। यह तय करना काफी मुश्किल होता है कि कम समय में कैसे स्वाद से भरपूर खाना बनाया जाए। आज हम आपको ऐसे ही डिनर की रेसिपी बताने जा रही हैं, जिसे आप सुबह के खाने के लिए यानी कि लंच के दौरान भी बना सकती हैं। यह सारी डिश जल्दी से बनती हैं और स्वाद के साथ सेहत से भरपूर होती हैं। आइए जानते हैं विस्तार से।
ककड़ी-पनीर रैप बनाने की पूरी रेसिपी

गर्मी के मौसम में ककड़ी खाने के कई सारे फायदे हैं। ककड़ी में भरपूर मात्रा में पानी होता है, जो कि आपके शरीर को हाइड्रेट रखता है। पनीर के साथ आप ककड़ी रैप बनाकर एक सेहतमंद रेसिपी बना सकती हैं। यह खाने में स्वाद और सेहत से भरपूर होता है। आप यह भी कह सकती हैं कि ककड़ी-पनीर रैप एक हेल्दी, टेस्टी और जल्दी बनने वाले स्नैक, लंच और डिनर का भी पर्याय भी है। आप रैप बनाने के लिए ज्वार, बाजरा, नाचनी या फिर गेहूं की रोटी भी बना सकती हैं। आप अपनी पसंद के हिसाब रैप के लिए रोटी बना सकती हैं। फिलिंग के लिए आधा कप पनीर, कद्दूकस की हुई पतली ककड़ी, एक छोटा प्याज, एक छोटा टमाटर, आधा चम्मच दही और आधा नींबू का रस तैयार कर लें। आप इसके लिए पुदीना की चटनी भी बना सकती हैं। फिलिंग तैयार करने के लिए सबसे पहले एक मिक्सिंग बाउल में पनीर,ककड़ी, प्याज, टमाटर, हंग कर्ड, नींबू का रस,चाट मसाला, काली मिर्च और नमक मिलाएं। आप इन सबको अच्छी तरह से मिलाएं। अंत में हरा धनिया भी मिलाएं इसके बाद बनाई हुई रोटी को हल्का-सा गर्म करें और रैप के बीच में पनीर की फिलिंग डालें और ऊपर से पुदीना की चटनी भी डालें। आप इसमें उबले हुए कॉर्न और शिमला मिर्च भी मिला सकती हैं। ज्यादा प्रोटीन के लिए आप पनीर की जगह टोफू का भी इस्तेमाल कर सकती हैं।
ताजा मिक्स वेज उपमा बनाने की पूरी रेसिपी

मिक्स वेज उपमा भी स्वाद और सेहत से भरपूर होता है। इसे बनाने के लिए एक कप सूजी, 2 कप पानी, बारीक कटा हुआ प्याज, बारीक कटी हुई गाजर, आधा कप बीन्स, आधा कप उबला हुआ मटर, एक छोटा टमाटर, साथ ही हरी बारीक कटी हुई हरी मिर्च के साथ कद्दूकस किया हुआ अदरक के साथ हींग। इसे बनाने के लिए सबसे पहले सूजी को एक सूखी कड़ाही में हल्दी आंच पर 7 मिनट तक भूनें। इसके बाद एक तरफ अलग रख दें। इसके बाद एक कड़ाही में तेल या घी गरम करें। इसमें राई डालें, चटकने के बाद उड़द दाल, हींग और करी पत्ते डालें फिर अदरक, हरी मिर्च, और प्याज डालें। ध्यान दें कि आपको प्याज को हल्का गुलाबी होने तक भूनें। अब गाजर, बीन्स और मटर डालें। आपको इसे मध्यम आंच पर भूनना है। इसके बाद आपको गर्म पानी करना है और उसमें भुनी हुई सूजी धीरे-धीरे डालें और लगातार चलाते रहें। ध्यान दें कि चलाना जरूरी है, ताकि गांठ न बने। इसे आपको तब तक पकाना है, जब तक सूजी पूरा पानी सोख न लें। अंत में नींबू का रस और हरा धनिया डालें और इसे परोस लें।
दही चावल बनाने की रेसिपी

दही चावल बनाने काफी आसान है। गर्मी के मौसम में दही चावल आपकी सेहत के लिए सेहतमंद डिश मानी गई है। दही चावल बनाने के लिए सबसे पहले आपको कच्चे चावल को पकाना है। ध्यान दें कि चावल हल्का-सा गीला ही पकाएं। इसके साथ आपको गाढ़ी दही लेनी है और इसके साथ आधा कप दूध मिलाना है। स्वादानुसार नमक मिलाएं। आपको दही के लिए तड़का भी बनाना है। इससे दही और चावल का स्वाद बढ़ जाता है। तड़के के लिए एक चम्मच घी, आधा चम्मच राई, आधा चम्मच उड़द दाल, आधा चम्मच चना दाल,आधा कम बारीक हरी मिर्च, एक चुटकी हींग, 5 से 6 करी पत्ते, इसके साथ एक चम्मच कसा हुआ अदरक और बारीक कटी हुई धनिया लें। इसके बाद आपको पके हुए चावल को मसल दें। अब उसमें दही और दूध मिलाएं और अच्छी तरह से फेंट लें। इसके बाद स्वादानुसार नमक मिलाएं। दही का तड़का बनाने के लिए एक छोटे पैन में तेल गरम करें, उसमें राई डालें. उड़द दाल और चना दाल डालें। दाल के सुनहरे होने के बाद हींग,करी पत्ता,हरी मिर्च, लाल मिर्च और कसा हुआ अदरक डालें और कुछ सेकंड के लिए भूनें। तैयार किए गए दही चावल के ऊपर तड़के को डालें और अच्छी तरह से मिलाएं। आप गार्निश के लिए अनार के दाने, धनिया, कद्दूकस किया हुआ गाजर और अनार दाना भी डाल सकती हैं।
स्प्राउट्स पैटीज

आप अपने लिए स्प्राउट्स पैटीज भी बना सकती हैं। यह खाने में स्वाद से भरपूर होता है। इसे बनाने के लिए सबसे पहले आपको अपनी पसंद के अनुसार स्प्राउट्स लेना है। आप अपने लिए चना, हरी मूंग, राजमा और बड़ा चना भी ले सकती हैं। इन सभी स्प्राउट्स के साथ अदरक, लहसुन और हरी मिर्च का पेस्ट डालें। इन सारी सामग्री को दरदरा पीस लें। एक पैन को गर्म करें और ऊपर से हल्का-सा घी लगाएं। पिसे हुए स्प्राउट्स को दरदरा पीस लें और पेटिस सो दोनों तरफ से सुनहरा होने तक सेक लें। पेटिस के तैयार होने के बाद आपको पुदीना,हरी, मिर्च, एक कली लहसुन, एक इंच अदरक और नींबू का रस मिलाकर चटनी पीस लें। पेटिस की प्लेट तैयार करने के लिए पेटिस को पहले प्लेट पर रखें। इसके बाद ऊपर से पुदीने की चटनी के साथ बारीक कटे हुए प्याज, बारीक टमाटर, बारीक ककड़ी और कद्दूकस किया हुआ गाजर डालें। ऊपर से फेटी हुई दही मिलाएं। इस तरह आपके लिए तैयार है, स्प्राउट्स की चटाकेदार लाजवाब सेहतमंद पैटीज।
सूखी सब्जी और रोटी

आप रात के खाने के लिए देसी रेसिपी भी बना सकती हैं। सूखी सब्जी और रोटी स्वाद और सेहत से भरपूर होती है। इसे बनाने के लिए आप अपने पसंद की कोई भी सूखी सब्जी बना सकती हैं। आप इस रेसिपी को 20 मिनट में तैयार बनाकर दे सकती हैं। आप भीगी हुई हरी या फिर पीली मूंग दाल को उबाल कर एक सीटी पर उबाल कर रख दें। इससे आप तुरंत सेहतमंद सब्जी तैयार कर सकती हैं। इसके अलावा आप तुरई, भिंडी, आलू या फिर तोरी की भी सब्जी बना सकती हैं, जो कि फटाफट बनकर तैयार हो जाती है। इस तरह की सब्जी बनाने के लिए राई का तेल लें। राई के तेल में सूखी सब्जी का स्वाद दो गुना बढ़ जाता है। राई का तेल गर्म होने दें। इसके बाद हींग डालें और साथ ही में जीरा, राई और करी पत्ता डालें। इसके बाद बारीक प्याज लाल होने तक भूनें और फिर आप अपने पसंद की कोई भी सब्जी डालें। साथ में आधा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, हल्दी, धनिया पाउडर और गरम मसाला के साथ स्वादानुसार नमक मिलाएं और इसे अच्छी तरह से पकाएं। आप मीडियम आंच पर इस सब्जी को आसानी से पका सकती हैं। साथ ही में आप अपने लिए ज्वार, बाजरा, नाचनी या फिर गेहूं की रोटी तैयार करें। इसके साथ अंत में जीरा भूनें और उसे बारीक पीस लें। आप छाछ को ठंडा रखें और जीरा पाउडर डालकर इस खाने की थाली को परोसें।