बारिश के मौसम में सबसे बड़ी समस्या यह होती है कि हमारे पास अक्सर कई सारे सामान नहीं होते हैं और रसोई में तैयार चीजों से सेहतमंद टिफिन बनाने के लिए क्या किया जाए, इसका जवाब भी नहीं होता है। बात अगर टिफिन की आती है, तो सबसे आसान और जल्दी क्या बन जाए, यह हमारी पहली सोच होती है और इसी को देखते हुए हम आपके लिए यह लेकर आए हैं कि आप बारिश में किस तरह खुद के लिए और बच्चों के साथ पूरे परिवार के लिए सेहतमंद टिफिन तैयार कर सकती हैं। आइए जानते हैं विस्तार से।
मूंग दाल चीला बनाने की रेसिपी

मूंग दाल चीला आप कई तरह से बना सकती हैं। लेकिन इसे आसान तरीके से बनाने का तरीका यह है कि इसके लिए आपको मूंग दाल को 3 से 4 घंटे के लिए भिगो कर रख देना है और इसके बाद मूंग दाल का पानी निकालकर दाल को अदरक और थोड़े पानी के साथ हल्का गाढ़ा बैटर बना लें और इसमें प्याज, गाजर, हरी मिर्च, धनिया और जीरा के साथ नमक मिलाएं। आप इस चीला को गर्म तवे पर रखकर तेल लगाकर बैटर फैलाएं। फिर आपको इसे दोनों तरफ सुनहरा होने तक अच्छी तरह से पकाना है। आप इस चीला का सेवन हरी चटनी या फिर दही के साथ कर सकती हैं।
वेजिटेबल उपमा बनाने की विधि विस्तार से

एक पैन को गर्म करके उसमें सूजी डालें। इसके बाद धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए 5 से 7 मिनट के लिए इसे भूनें। सूजी की रंग बदलना नहीं चाहिए। बस इसमें हल्की खुशबू आने लगे। इसे प्लेट में निकाल लें। उसी पैन में तेल या घी गर्म करें। इसके बाद राई डालकर चटकने दें और फिर उड़द दाल, चना दाल डालकर सुनहरा होने तक भूनें। इसके बाद आपको अपने पसंद की सब्जी पकानी है। करी पत्ता, हरी मिर्च और अदरक डालें। प्याज डालकर 2 मिनट भून लें। अब इसमें गाजर, मटर और बीन्स डालकर 2 से 3 मिनट पकाएं। हल्दी और नमक डालें। फिर इसमें 2 कप पान डालकर उबाल आने दें। जब सूजी पानी सोखकर नरम और गाढ़ी हो जाए, तो गैस को बंद कर दें। नींबू का रस मिलाएं और इसका सेवन करें अपने पसंद की चटनी के साथ।
मसाला इडली बनाने की रेसिपी

मसाला रवा इडली बनाने के लिए करी पत्ता, हरी मिर्च और अदरक को मिलाकर रवा को भून लें और प्याज डालकर भी पकाएं। अब गाजर, मटर और बीन्स डालकर इसे अच्छी तरह से पकाएं। हल्दी और नमक मिलाकर पानी के साथ उबाल आने दें। रवा का घोल गाढ़ा हो जाए, तो गैस बंद कर दें। इडली के बर्तन में इसे डालें और भाप पर पक जाने के बाद इसका सेवन करें। आप इस मसाला इडली को बच्चों के टिफिन में आसानी से दे सकती हैं।
पनीर और सब्जी रोल बनाने की विधि विस्तार से

आप इस रोल को गेहूं की रोटी या फिर मल्टीग्रेन रोटी के साथ भी बना सकती हैं। इसे बनाने के लिए सबस पहले पनीर को छोटे क्यूब्स में काट लें और अगर पनीर थोड़ा सख्त है, तो उसे 10 मिनट के लिए हल्के गुनगुने पानी में रख दें। इससे वह नरम हो जाता है। प्याज, शिमला मिर्च, गाजर और बीन्स को पतला काटें। रोल में सब्जियां जल्दी पक जाती हैं और पनीर को बहुत ज्यादा पकाना नहीं है। इसके बाद सब्जियों को बेसिक मसाला मिलाकर अच्छी तरह से भून लें और अंत में नींबू मिलाकर सब्जी को पका लें। इसके बाद रोल बनाने के लिए एक रोटी को तवे पर हल्का गर्म करें। रोटी के बीच में 3 से 4 बड़े चम्मच पनीर-सब्जी की फिलिंग रखें। आप चाहें, तो ऊपर से हरी चटनी की बहुत पतली परत भी लगा सकती हैं। रोटी के दोनों किनारों को अंदर मोड़ लें। याद रखें कि फिलिंग को ठंडा करने के बाद रोटी का रोल बनाएं। तैयार है, टिफिन के लिए आपका पनीर रोल।
वेजिटेबल दलिया बनाने की विधि विस्तार से

दलिया और मूंग दाल को अलग-अलग साफ करके धो लें। पानी अच्छी तरह निकाल दें। चाहें तो दलिया को कड़ाही में 3–4 मिनट हल्का भून सकते हैं। इससे इसका स्वाद और खुशबू अच्छी आती है। प्रेशर कुकर में तेल या घी गर्म करें। इसमें राई डालें और चटकने दें। फिर जीरा डालें। अब हरी मिर्च और अदरक डालकर कुछ सेकंड भूनें। प्याज डालें और 2–3 मिनट तक हल्का सुनहरा होने तक पकाएँ। अब गाजर, मटर, बीन्स और शिमला मिर्च डालें। इन्हें 2–3 मिनट मध्यम आँच पर भूनें। कटे हुए टमाटर, हल्दी और नमक डालें। 2 मिनट पकाएँ, जब तक टमाटर थोड़ा नरम न हो जाए। अब भुना हुआ दलिया और धुली मूंग दाल डालें। सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें और 1 मिनट भूनें।। पानी डालकर इसे अच्छी तरह से पकाएं। टिफिन के लिए दलिया को थोड़ा नरम और हल्का ढीला रखें, क्योंकि ठंडा होने पर यह गाढ़ा हो जाता है। इसे पूरी तरह ठंडा होने के बाद टिफिन में पैक करें।