घर में पड़ी बेकार चीजों को रिसाइकल करते हुए उनसे हेयर एक्सेसरीज बनाना न सिर्फ आपकी क्रिएटिविटी को दर्शाता है, बल्कि पर्यावरण के लिए भी ये एक अच्छा प्रयास है। तो आइए जानते हैं किस तरह अपनी बेकार पड़ी चीजों की मदद से आप हेयर एक्सेसरीज बना सकती हैं।
पुरानी चीजों को फेंकने की बजाय करें रियूज

अक्सर कुछ चीजें ऐसी होती हैं, जो बेकार होने के बावजूद हमसे दूर नहीं हो पाती, या यूं कह लीजिए कि हम चाहकर भी उन्हें फेंक नहीं पाते। इनमें कुछ पुरानी क्लिप्स के साथ मम्मी की ब्रोच, टूटे गहने, दीदी के स्कार्फ, अपनी स्कूली दिनों के रिबन, कपड़े, पुरानी चूड़ियां या कोई पुराना बक्सा भी हो सकता है। हालांकि घरवालों द्वारा इन चीजों को फेंकने का ऐलान होने के बावजूद आप अपने दिल के हाथों इस कदर मजबूर रहती हैं, कि उसे छुपाकर ऐसी जगह रख देना चाहती हैं, जिस पर कभी किसी की नजर न पड़े। तो अब इसकी कोई जरूरत नहीं क्योंकि उन सभी बेकार पड़ी चीजों से आप अपने खूबसूरत बालों के लिए हेयर एक्सेसरीज बना सकती हैं। इनमें सबसे पहले यदि हम पुरानी हेयर क्लिप्स, ब्रोच और टूटे गहनों की बात करें तो पुराने क्लिप पर ब्रोच या टूटे गहनों को फैब्रिक गोंद और हॉट गन गोंद की मदद से चिपकाकर आप उन्हें एक नया लुक दे सकती हैं।
टूटे गहनों और ब्रोच से बनाए शानदार हेयरक्लिप

टूटे गहनों और ब्रोच की मदद से पुराने हेयर क्लिप को एक नया स्वरूप देने के अलावा आप चाहें तो अपने पुराने कपड़े, जैसे टी-शर्ट, साड़ी या स्क्रैप से स्क्रंची बना सकती हैं। इसके लिए आपको पुराने कपड़ों के साथ सुई-धागा और इलास्टिक की जरूरत होगी। इसके लिए सबसे पहले कपड़ों को लंबाई में काटकर सिलते हुए बेलनाकार टुकड़ा बना लें। अब इस बेलनाकार टुकड़े में इलास्टिक डालकर इसका मुंह बंद करते हुए सिल दें। आकर्षक स्क्रंचीज तैयार है। पुराने कपड़ों से स्क्रंची बनाने के अलावा आप चाहें तो पुराने हेयरबैंड को गिफ्ट रिबन, लेस या बेल्ट से भी आकर्षक हेयरबैंड बना सकती हैं। इसके लिए पुराने हेयरबैंड पर रिबन या लेस लपेटकर उसे गोंद से चिपका दें। इसे और आकर्षक बनाने के लिए आप इसे मोती, पेंट या छोटे आर्टिफिशियल फूलों से सजा सकती हैं।
पुरानी चूड़ियां और शर्ट के बटन भी हैं उपयोगी

पुरानी चूड़ियों, रंग-बिरंगी धागों और बेकार पड़ी मोतियों की मदद से भी आप अपने बालों को सजा सकती हैं। इसके लिए सबसे पहले चूड़ियों को रंगीन धागों से लपेटकर उन्हें मोतियों से सजा दें। इन्हें आप हेयर बैंड के रूप में पोनीटेल के साथ पहन सकती हैं। पुरानी जींस से हेयर बो बनाना भी बेहद आसान है। इसके लिए पुराने जींस के टुकड़े को धनुष के आकार में काट दें। अब इस टुकड़े को सिलाई या गोंद से जोड़कर हेयर क्लिप पर लगा लें। पुरानी चीजों से बनी आकर्षक हेयर एक्सेसरीज में अगला नंबर आता है शर्ट के रंगीन बटन से बनें हेयरपिन का। इसे बनाने के लिए बटन को हेयरपिन पर गोंद की मदद से चिपका लें। डिजाइन को और आकर्षक बनाने के लिए आप चाहें तो अलग-अलग रंगों के साथ अलग-अलग आकार के बटनों का इस्तेमाल कर सकती हैं।
कांच के टूटे टुकड़े और पुरानी मोतियों की माला से सजाएं बाल

आम तौर पर टूटे कांच के टुकड़ों को इस डर से फेंक दिया जाता है कि कहीं किसी को इनसे चोट न लग जाएं, लेकिन आप चाहें तो इन्हें फेंकने की बजाय इनसे भी खूबसूरत हेयर पिन बना सकती हैं। इसके लिए पुराने कांच के साफ और छोटे टुकड़ों को किसी बेस पर लगाकर कोई अच्छी सी डिजाइन बना लें। अब इस डिजाइन को हेयर क्लिप या हेयर बैंड पर चिपकाकर अपने बालों पर लगा सकती हैं। पुराने कांच की तरह ही पुरानी मोतियों से या मोतियों के हार से भी आप हेयर क्लिप बना सकती हैं। इसके लिए मोतियों को धागे में पिरोकर हेयर बैंड या क्लिप पर बांध लें। आप चाहें तो इसे अलग-अलग रंगों से भी सजा सकती हैं। इन पुरानी सजावटी चीजों के अलावा आप कार्डबोर्ड और रंगीन पेपर की मदद से भी हेयरपिन बना सकती हैं। इसके लिए कार्डबोर्ड को तितली, फूल या अपनी किसी पसंदीदा आकार में काटकर रंगीन पेपर या ग्लिटर से सजा लें। अब इस टुकड़े को हेयरपिन पर चिपका लें और अपने हाथों से बनें हेयरपिन से अपने बालों की खूबसूरती में चार चांद लगाएं।
नेट साड़ियों और सॉक्स से बनाएं हेयर नेट और हेयर बन

हेयरपिन और हेयरक्लिप के अलावा आप चाहें तो पुरानी जालीदार कपड़ों या नेट से हेयर नेट या हेयर बन भी बना सकती हैं। इसके लिए यदि आपकरे पास कोई पुरानी नेट की साड़ी, दुपट्टा या सॉक्स हो तो उसे ले लें। हेयर नेट बनाने के लिए विशेष रूप से पुरानी नेट की साड़ी या दुपट्टे को गोल आकार में काट लें। इसके चारों तरफ किनारों पर इलास्टिक लगाकर इसे जुड़े के ऊपर लगाने के लिए उपयोग करें। हेयर बन बनाने के लिए पुराने सॉक्स को उँगलियों की तरफ से काटकर रोल करें और डोनट आकार दे दें। मिनटों में हेयर बन बनकर तैयार हो जाता है। अब इस हेयर बन पर लगाने के लिए आप पुरानी साड़ियों से एक खूबसूरत गजरा भी बना सकती हैं। इसके लिए किसी पुरानी साड़ी या दुपट्टे को पतले स्ट्रिप्स में काटकर फूलों के आकार में मोड़ लें। जब ढ़ेर सारे फूल बन जाएं, तो इन्हें सुई-धागे की मदद से गजरे की तरह पिरो लें। इस तरह अलग-अलग रंगों से आप अपने कपड़ों से मेल खाते ढ़ेर सारे गजरे बनाकर रख सकती हैं।
टूटे झुमके भी बन सकते हैं फंक्शनल हेयर क्लिप

फंक्शन को ध्यान में रखते हुए आप पुराने झुमके से हेयरपिन भी बना सकती हैं, जो बालों के किनारों पर लगाने के बाद झुमका लुक देता है। इसके लिए आप पुराना पड़े टूटे झुमकों के साथ एक हेयरपिन ले लें। इन झुमकों को हेयरपिन या क्लिप पर चिपका लें और आपके झुमके हेयरपिन बनकर तैयार है। अगर आपके पास कोई टूटी चेन या हार हो तो उसे अपने हेयरबैंड के आस-पास मोड़ लें और जोड़ने के लिए इलास्टिक या रिबन लगा लें। ये हेयरबैंड ट्रेडिशनल और वेस्टर्न, हर तरह के कपड़ों पर खूब जंचती है। इसके अलावा आप अपनी या किसी अपनों के पुराने शर्ट के कॉलर से हेयरबैंड बना सकती हैं। इसके लिए शर्ट के कॉलर को काटकर उसके किनारों को आपस में सिलाई कर लें। आप इसे बालों पर सीधे पहन सकती हैं, या फिर इन्हें मोतियों या छोटे गहनों से सजा भी सकती हैं। कपड़ों के अलावा आप कागज के फूलों से भी हेयर क्लिप बना सकती हैं। आम तौर पर गिफ्ट रैप या रंगीन पेपर सभी के घरों में होता है, इनसे आप छोटे-छोटे फूल बनाकर, इन्हें हेयरक्लिप पर चिपका दें। विशेष रूप से बच्चों को यह हेयरक्लिप काफी भाता हैं।
हेयरक्लिप के अलावा हेड स्कार्फ और क्राउन भी

पुराने दुपट्टे या स्टोल से आप बालों में बांधने के लिए हेड स्कार्फ भी बना सकती हैं। इसके लिए दुपट्टे या स्टोल को स्कार्फ के आकार में काट लें और इसे बालों में हैंडबैंड की तरह बांध लें। हेयरबैंड और हेयर क्लिप्स के अलावा आप चाहें तो अपने बच्चों के लिए पुराने कार्डबोर्ड के डिब्बों से क्राउन भी बना सकती हैं। इसके लिए आपको कार्डबोर्ड के डिब्बे के साथ ग्लिटर पेपर और गोंद की जरूरत होगी। कार्डबोर्ड को क्राउन के आकार में काट लें। उसके बाद आप उसे ग्लिटर पेपर से सजा दें। यदि आपके पास पुरानी मोतियों की माला हो तो आप उसे उस पर चिपका सकती हैं। बच्चों की पार्टी या उनके स्कूल प्रोजेक्ट के लिए आप इस तरह के क्राउन बना सकती हैं।