सेल्स एक ऐसी फील्ड रही है, जिसमें दशकों से पुरुषों का वर्चस्व रहा है, हालांकि अब समय बदल रहा है। अब, ज्यादातर महिलाएं सेल्स की भूमिकाओं में आगे आ रही हैं। अपनी अनूठी स्ट्रेंथ और दृष्टिकोण के साथ वे सेल्स के प्रोफेशन में नए मानक बना रही हैं। आइए विस्तार से जानते हैं कि सेल्स में महिलाओं के लिए बेस्ट करियर ऑप्शन क्या हो सकता है,जिसमें वह अपने एजुकेशन, पर्सनैलिटी, क्रिएटिविटी, हार्ड वर्क और पैशन से बेहतर कर सकती हैं।
पब्लिक रिलेशन

सेल्स और मार्केटिंग में यह एक ऐसा क्षेत्र है, जिसमें ग्राहकों, मीडिया और जनता के साथ संबंध बनाना शामिल होता है।जिसके लिए सबसे ज्यादा जरूरत अच्छी कम्युनिकेशन स्किल्स की होती है। अगर आपकी पर्सनैलिटी में ये गुण है तो पीआर में आप अच्छा करियर बना सकती हैं। इस नौकरी के लिए एक्सटोवर्ट नेचर, लोगों को कनविंस करने की क्षमता भी होनी चाहिए। आप 12वीं के बाद या ग्रेजुएशन के बाद पीआर या पीआर और एडवरटाइजिंग में डिप्लोमा या डिग्री कोर्स कर सकती हैं। आजकल हर कंपनी में पीआर के लिए जॉब होता है। खास बात है कि गैर सरकारी ही नहीं, बल्कि सरकारी ऑफिसेज में भी इस पोस्ट की डिमांड बहुत ज्यादा है। ऐसे में आप सरकारी डिपार्टमेंट में भी पीआर के लिए अप्लाई कर सकती हैं।
कॉपी राइटिंग

इस प्रोफेशन में आपको विज्ञापन या प्रमोशनल मटेरियल लिखना पड़ता है। आंकड़ों में यह बात सामने आयी है कि कॉपी राइटर किसी भी क्षेत्र में सबसे ज्यादा वेतन पाने वाले पेशेवरों में से हैं।महिलाओं के लिए सेल्स से जुड़ा यह काम, इसलिए भी बेहतरीन है कि इसमें आप अपनी जरूरत के अनुसार तय घंटों के लिए काम कर सकती हैं.जिसमें आप अपनी फैमिली को प्राथमिकता दे सकती हैं और इस जॉब को भी कर सकती हैं। यह काम आप अपने घर से भी कर सकती हैं।
एसईओ स्पेशलिस्ट

इस जॉब में क्लाइंट और कंपनी की वेबसाइटों के लिए SEO तकनीकों का विश्लेषण, समीक्षा कर उसे फिर अमल में लाया जाता हैं, ताकि साइट ट्रैफिक और रेवेन्यू में वृद्धि हो सके। इसके अलावा, वे खोज इंजन परिणाम पृष्ठ (SERP) में वेब पेजों को उच्च रैंक दिलाने के लिए काम करते हैं। ऐसे में महिलाओं के लिए सेल्स की यह जॉब बहुत फायदेमंद हो सकती है।
इन्फ्लुएंसर मार्केटिंग मैनेजर

सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसरों के बूम के साथ, इसकी भूमिका भी बढ़ गयी है। आज कल प्रोडक्ट्स और ब्रांडों को बढ़ावा देने के लिए इन्फ्लुएंसरों से अच्छा विकल्प और कौन मिल सकता है, क्योंकि सोशल मीडिया पर उनके फॉलोअर्स की अच्छी खासी तादाद होती है, जिससे उनके साथ जुड़ने के साथ सीधे तौर पर लाखों लोगों तक प्रोडक्ट को पहुंचाना हो जाता है। ऐसे में इन्फुलेंसर मार्केटिंग मैनेजर की भूमिका बढ़ जाती है। आप अगर इन्फ्लुएंसर के साथ जुड़ी हैं या ब्रांड के साथ तो अपनी कम्युनिकेशन स्किल और क्रिएटिविटी से आसानी से दोनों को फायदा पहुंचा सकती हैं।
प्रोडक्ट मैनेजर
प्रोडक्ट मैनेजर की नौकरी महिलाओं के लिए एक अच्छा करियर विकल्प माना जा सकता है, क्योंकि यह उन्हें एम्पथी, कम्युनिकेशन और स्ट्रैटेजिक थिंकिंग में अपनी स्ट्रेंथ का लाभ उठाने का मौक़ा देता है, जिससे प्रोडक्ट के ग्रोथ पर महत्वपूर्ण प्रभाव पड़ता है और विविध दृष्टिकोण सामने आते हैं, जिससे यह एक ऐसा क्षेत्र बन जाता है जहां वे उत्कृष्टता प्राप्त कर सकती हैं और सार्थक योगदान दे सकती हैं; कई विशेषज्ञों का तो यह भी मानना है कि उपयोगकर्ता की जरूरतों को समझने और सहयोग को बढ़ावा देने की उनकी स्वाभाविक क्षमताओं के कारण महिलाएं प्रोडक्ट मैनेजर की भूमिकाओं के लिए विशेष रूप से उपयुक्त हैं।
मार्केट रिसर्चर

सेल्स में यह करियर महिलाओं के लिए एक अच्छा विकल्प हो सकता है, क्योंकि यह विश्लेषणात्मक कौशल, रचनात्मकता और व्यावसायिक निर्णयों को प्रभावित करने की क्षमता का एक मजबूत मिश्रण प्रदान करता है, हाल के रूझानों से पता चलता है कि इस क्षेत्र में महिलाओं की संख्या बढ़ रही है, यह उन महिलाओं के लिए एक अच्छा करियर विकल्प माना जाता है, जो डेटा एनालिसिस, कंज्यूमर बेहेवियर को समझना और कंपनियों के भीतर स्ट्रेटजिक प्लानिंग बनाने में योगदान देना पसंद करती हैं।
डिजिटल मार्केटिंग
आज के समय में डिजिटल मार्केटिंग एक उभरता हुआ करियर है। डिजिटल मार्केटिंग एक ऐसा क्षेत्र है, जो रचनात्मकता पर पनपता है। रचनात्मकता और कहानी कहने की अपनी जन्मजात प्रतिभा के साथ महिलाएं डिजिटल वातावरण में खूब आगे बढ़ सकती हैं। डिजिटल मार्केटिंग का यह पहलू न केवल नौकरी को रोमांचक बनाता है बल्कि महिलाओं को खुद को सही मायने में अभिव्यक्त करने का अधिकार भी देता है। डिजिटल मार्केटिंग उचित करियर ग्रोथ प्रदान करता है। समर्पण और सीखने की आदत के साथ, महिलाएं डिजिटल मार्केटिंग मैनेजर या डायरेक्टर आदि जैसी उच्चतम भूमिकाओं तक पहुंच सकती हैं।
सबसे ज्यादा पूछे जानेवाले सवाल
सेल्स और मार्केटिंग के लिए डिग्री के अलावा और जरुरी कौशल क्या होने चाहिए ?
सेल्स और मार्केटिंग में करियर बनाने से जुड़े कौशल के बारे में बात करें तो कम्युनिकेशन स्किल, लोगों को समझने की क्षमता, उन्हें कन्विंस करना और क्रिएटिविटी यह सब खूबियां आपके व्यवहार में होनी ही चाहिए। इससे आपको सफलता पाने में आसानी होगी। अगर आपके व्यवहार में ये चीजें मिसिंग हैं, तो आप इनमें अभी से ही सुधार करना शुरू कर दें। इससे आगे चलकर आपको ही सहायता होगी।
मार्केटिंग में सबसे अधिक वेतन किस क्षेत्र या पद में हैं ?
जानकारों की मानें तो भारत में, मार्केटिंग में सबसे अधिक वेतन मार्केटिंग मैनेजर, प्रोडक्ट मार्केटिंग मैनेजर और मैनेजमेंट कंसलटेंट को मिलता है।
मार्केटिंग के प्रसिद्ध 5 p किसका प्रतिनिधित्व करते हैं ?
मार्केटिंग के 5 P हैं प्रोडक्ट ,प्राइस, प्लेस, प्रमोशन और पीपल । ये मार्केटर्स द्वारा अपनी मार्केटिंग रणनीतियों को डिजाइन करने और उनका आकलन करने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला एक ढांचा है। 5 P को मार्केटिंग मिक्स के नाम से भी जाना जाता है। इसके तहत ही आप अपने प्रोडक्ट को समझते हुए उसके टारगेट ऑडिएंस से जुड़ सकते हैं।
सेल्स और मार्केटिंग के लिए कौन सी डिग्री सबसे अच्छी है?
अब यदि आपको सेल्स और मार्केटिंग में करियर बनाना है तो उसके लिए सही विषय में डिग्री का लिया जाना जरुरी होता है। इसके लिए पहले तो आपको अपनी बारहवीं कक्षा की पढ़ाई पूरी करनी होगी। आप इसे नॉन मेडिकल, कॉमर्स या आर्ट्स में से किसी में भी कर सकते हैं। जो डिग्री विशेष तौर पर जानी जाती है। वह बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (बीबीए) या बैचलर ऑफ कॉमर्स (बीकॉम) की है। ये डिग्री मार्केटिंग, मैनेजमेंट और बिजनेस के सिद्धांतों की व्यापक समझ प्रदान करती हैं, जो बिक्री भूमिकाओं में सफलता के लिए आवश्यक हैं।
मार्केटिंग में कितने प्रतिशत महिलाएं हैं?
बीते साल हुए लिंक्डइन सदस्य डेटा के अनुसार, संयुक्त राज्य अमेरिका में लगभग 60 प्रतिशत मार्केटर्स महिलाएं हैं। वैश्विक स्तर पर यह विभाजन 51प्रतिशत महिला और 49 प्रतिशत पुरुष हैं, जिससे यह बात साबित होती है कि ग्लोबली सेल्स और मार्केटिंग में महिलाओं का वर्चस्व दिन ब दिन बढ़ता जा रहा है।