करियर का फैसला जीवन का सबसे अहम निर्णय होता है। इसी के साथ आप अपने जीवन की गाड़ी को सफलता से आगे बढ़ा सकती हैं, लेकिन कई बार दुविधा हो जाती है कि आखिर कैसे करियर में आगे बढ़ा जाए। दसवीं और बारहवीं की पढ़ाई के बाद आखिर करियर की किस राह पर खुद को आगे बढ़ाया जाए, इसे लेकर काफी दुविधा हो जाती है। करियर की दृष्टि से यह समीक्षा करना जरूरी है कि आपके पास कौन से विकल्प मौजूद हैं और किसी नए रास्ते पर जाने से पहले अपने पेशे में बदलाव करने के विभिन्न कारणों पर विचार करें। आइए विस्तार से जानते हैं कि कैसे आप अपने करियर का निर्णय ले सकती हैं।
अपनी वर्तमान भूमिका पर विस्तार से विचार करें

यह जरूरी है कि आप अपनी वर्तमान भूमिका में खुद को कितना पूर्ण महसूस करती हैं, इसी पर विचार करने के बाद आप अपने करियर का अगला कदम चुन सकती हैं। आपको इस पर विचार करना चाहिए कि आपको अपनी नौकरी की जिम्मेदारियां को कैसे निभाना है और किस क्षेत्र के लिए इसे चुनना है। आप जिस क्षेत्र में पढ़ाई कर रही हैं, उसी क्षेत्र में आपको आगे बढ़ना है, तो नौकरी और करियर के अवसर आपको उसी क्षेत्र में चुनने होंगे। इसके लिए आपको सबसे अधिक रिसर्च और अध्ययन की आवश्यकता है।
अपनी दिलचस्पी पर दें पूरा ध्यान
आप अपने करियर को चुनने के लिए सबसे पहले इस बात पर ध्यान दें कि आपको किस चीज में अधिक दिलचस्पी है। आप किस राह पर आगे बढ़कर खुद के करियर के ग्राफ को सफलता से आगे बढ़ाना चाहती हैं। अक्सर यह देखा गया है कि जिन गतिविधियों को आप अपने खाली समय में पूरा करती हैं और या फिर जिन गतिविधियों को पूरा करने के लिए आप अपने जरूरी कामों से दिलचस्पी निकालती हैं, उससे ही आपके दिलचस्पी की तस्वीर साफ होती है। आपको सबसे पहले अपनी रुचि का पता लगाने के लिए खुद से कई सवाल कर इसकी पड़ताल करनी चाहिए कि आपकी दिलचस्पी करियर के किस रास्ते पर आगे बढ़ती है। आपको सबसे पहले खुद से यह सवाल करना है कि आप किस हॉबी को सबसे अधिक करना पसंद करती हैं। आपको यह भी सवाल खुद से करना चाहिए कि आपको बाहर काम करना ज्यादा पसंद है या फिर किसी एक जगह पर बैठकर काम करने में सहूलियत लगती है। क्या आपको लोगों के साथ काम करना पसंद है या फिर किताबों और जानवरों के साथ समय बिताना अधिक पसंद आता है। आप खुद से यह भी सवाल कर सकती हैं कि ऐसी कौन-सी चीज है, जिसे अगर आप लंबे समय तक नहीं करती हैं, तो आपको उसका अफसोस होता है या फिर उस चीज को न करने की कमी आपको खलती है।
खुद की पड़ताल के लिए सबसे जरूरी कदम

करियर को लेकर हर किसी के पास एक सोच होती है, जिसे सबसे अधिक महत्व मिलता है। वित्तीय सुरक्षा, सामाजिक जिम्मेदारी या फिर कार्य जीवन को संतुलित करना। आपके जीवन की यह सारी प्रमुख बातें आपको एक मौका देती है कि आप कैसे अपने करियर का चयन कर सकती हैं। उदाहरण के तौर पर, अगर आप किसी वित्तीय सुरक्षा को महत्व देती हैं, तो आपको ऐसी नौकरी की तलाश करनी है, जहां पर आपको अच्छा भुगतान किया जा रहा है। कार्य-जीवन को संतुलित करने के लिए आपको अपने नौकरी के घंटों पर विचार करने की आवश्यकता है। आपको इसी के आधार पर अपने करियर का चयन करना चाहिए।
यह भी जांच करें कि आपके व्यक्तित्व की क्या मांग है?

आपको खुद के करियर के लिए खुद की सोच और स्वभाव पर भी विस्तार से अध्ययन करना चाहिए। आपका व्यक्तित्व आपके सोचने, महसूस करने और व्यवहार करने के तरीके पर निर्भर करता है। यह किसी विशिष्ट करियर की तरफ आपका मार्गदर्शन करने में एक महत्वपूर्ण कारण भी हो सकता है। इसलिए अपने भविष्य के बारे में सोचते समय अपने व्यक्तित्व के कई पहलुओं पर विचार भी करें। इसके लिए आपको खुद के व्यक्तित्व से जुड़े सवाल खुद से ही करने होंगे। आप लीडर हैं या फॉलोअर हैं। आपको अकेले काम करना पसंद हा या फिर ग्रुप में लोगों के साथ। क्या आपको दूसरों से मुकाबला करना पसंद है या फिर आप करियर की रेस में अकेले आगे बढ़ना चाहती हैं। क्या आपको दूसरों की मदद करना पसंद है या फिर आप खुद को अपने काम में सशक्त करना पसंद करते हैं। आपको खुद से यह भी सवाल करना चाहिए कि क्या आप एक रचनात्मक और कलात्मक व्यक्ति हैं, इन सारे सवालों के जवाब के बाद ही आप अपने लिए करियर का चयन कर सकती हैं।
अपनी खूबी पर भी दें ध्यान

आपकी पढ़ाई से लेकर कोई तकनीकी जानकारी को भी आप अपने करियर के चयन में शामिल करें। खुद के लिए सही करियर चयन करने के लिए यह सबसे जरूरी है। इसके साथ ही सॅाफ्ट स्किल्स के कौन से गुण आपके अंदर है, जैसे सहानुभूति, टीम वर्क, समस्या का समाधान करना और टाइम मैनेजमेंट के गुणों को भी शामिल करें। यह भी याद रखें कि जीवन के किसी भी चरण में आप अपने अंदर कौशल को विकसित कर सकती हैं और नए कौशल को अपने करियर की जरूरत के हिसाब से शामिल कर सकती हैं। अगर आप में आपके चुने गए करियर के हिसाब से खुद में कौशल की कमी देखती हैं, तो आप खुद को कौशल में निपुण कर सकती हैं। कौशल की कमी के कारण आप खुद को कभी-भी एक अच्छे करियर की तरफ आगे बढ़ने से न रोकें।
करियर के लिए मेरी प्रतिभाएं और ताकतें क्या हैं इस पर करें विचार
करियर के लिहाज से आपके अंदर कौन-सी प्रतिभाएं हैं, इस पर भी आपको विस्तार से विचार करना चाहिए। आपको यह सोचना होगा कि ऐसी कौन सी खूबी है, जो कि आपको आपको एक सही करियर चुनने के लिए रास्ता दिखा सकती है, जिसके पास नृत्य की कला होती है, ऐसे लोग नृत्य के क्षेत्र में खुद को आगे बढ़ाते हैं। जिनके पास लिखने और बोलने की कला होती है, ऐसे लोग खुद को एंटरटेनमेंट क्षेत्र की तरफ आगे बढ़ाते हैं। इसी तरह से आप भी खुद के पास मौजूद प्रतिभा से अपने लिए एक सही और दिलचस्प करियर का चयन कर सकती हैं।
करियर के लिए पढ़ाई और ट्रेनिंग की भी जरूरत
कई सारे ऐसे करियर के पर्याय होते हैं, जिसके लिए ऊंची शिक्षा और वित्तीय निवेश की भी आवश्यकता होती है। उदाहरण के तौर पर डॉक्टर बनने के लिए आपको 12 वीं तक की शिक्षा के बाद डिग्री कोर्स और फिर ट्रेनिंग की भी आवश्यकता होती है। करियर का चयन करते समय आपको शिक्षा के लिए मौजूद समय और उस पर होने वाले खर्च के बारे में भी विचार करें। इसके अलावा आप किसी ऐसे अन्य करियर का चयन करते हैं, जिसके लिए अतिरिक्त शिक्षा की जरूरत है, तो उसे भी पूरा करें।
आर्थिक तौर पर खुद को मजबूत करना
करियर के चयन के साथ आपको इस बात पर भी ध्यान देना होगा कि आर्थिक तौर पर आपको खुद को किस स्तर पर देखना है। जाहिर सी बात है कि आप जैसा करियर चुनती हैं उसी आधार पर आपको आर्थिक समर्थन मिलता है। करियर में आपका अनुभव भी आपके आर्थिक बल को बढ़ाता है। अगर आपने किसी जगह पर काम की शुरुआत की है, तो वहां पर आपको सैलरी अनुभवी व्यक्ति के मुकाबले कम मिलती है। जितने साल का अनुभव होता है, उसी के आधार पर आपकी कमाई बढ़ती जाती है।
कहां और कैसे करनी है नौकरी
करियर तय करने से पहले आपको यह भी सोचना होगा कि आपको अपने शहर में ही मौके की तलाश करनी है या फिर आप दूसरे शहरों में भी जाकर खुद के करियर को विस्तार देना चाहती हैं। दूसरे शहर में जाकर करियर को बनाने का विचार आपके लिए अधिक मेहनत और आर्थिक दृष्टिकोण से अधिक खर्चिला भी साबित हो सकता है, लेकिन अगर आपको दूसरे शहर में करियर के अच्छे अवसर और अपना भविष्य सुरक्षित दिखाई देता है, तो आप आर्थिक भार को अनदेखा करते हुए आगे बढ़ने पर विचार करें। अगर आप अपने आने वाले भविष्य को संवारना चाहती हैं, तो खुद को किसी भी सीमा में बांधकर न रखें, क्योंकि अगर आपका आज बेहतर होगा, तो ही आप अपने आने वाले कल यानी की भविष्य में सफलता की रोशनी जला सकती हैं, जो कि आपके आने वाले कल के लिए और करियर चुनने के साथ करियर को बनाने में सहायक होगी। इसलिए करियर चुनते वक्त खुद को किसी समय, जगह और आर्थिक सीमा में न बांधे। खुद की मेहनत पर भरोसा करें और एक बेहतर भविष्य की राह पर आगे बढ़े।