जब भी किसी जॉब के लिए अप्लाई करें, तो सबसे पहला सवाल आपके रिज्यूमे को लेकर आता है। लेकिन अब कई बड़ी इंडस्ट्री और कम्पनीज आपसे करिकुलम विटे मांगती हैं, जिसे आम भाषा में सीवी कहा जाता है। सीवी आपके करियर का पूरा सारांश होता है। इसमें आपके करियर के एक-एक पड़ाव के बारे में विस्तार से है लिखा जाता है। सीवी में आपके हर एक जॉब का डिस्क्रिप्शन होता है और आपके रोल को अच्छे से समझाया जाता है। आगे जानिए क्या है सीवी, इसकी जरूरत क्यों है, इसे कैसे बनाया जाता है और इसे बनाते हुए किन बातों का ध्यान रखा जाना चाहिए।
जो भी व्यक्ति आपको जॉब दे रहा है, वह आपकी क्षमता को अच्छे से जानना चाहता है। वह जानना चाहता है कि जो रोल वो आपको ऑफर कर रहा है, उसके लिए आप फिट हैं या नहीं। आपके रिज्यूमे से भी उसे आपके करियर का पता चल सकता है, लेकिन सीवी में उसे सबकुछ विस्तार से पता चलेगा। यह आपके लिए भी सही विकल्प है, क्योंकि आप भी बेशक ऐसी जगह नहीं जाना चाहती होंगी, जहां का काम आप नहीं कर पाएंगी। सीवी की जरूरत आपको बहुत होगी, अगर आपके पास अच्छा खासा अनुभव हो। आप अपने कई सारी उपलब्धियों को इसमें विस्तार से लिख सकती हैं।
सीवी और रिज्यूमे में क्या अंतर है?
रिज्यूमे आपके कार्य अनुभव और जिस नौकरी के लिए आप अप्लाई कर रही हैं, उसके लिए एक छोटा सा सारांश है, बल्कि, सीवी रिज्यूमे के मुकाबले लंबी होती है। सीवी में आपके सभी अनुभव, उपलब्धियां, सर्टिफिकेट और पब्लिकेशन के नाम शामिल होते हैं। इसके अलावा, रिज्यूमे का उपयोग आप एक से अधिक जॉब के लिए अप्लाई करने के लिए कर सकती हैं और सीवी का इस्तेमाल आपको विशेष रूप से एक जॉब लिए निवेदन करने के लिए करना चाहिए। रिज्यूमे की लंबाई 2 पेज से ज्यादा की नहीं होती और सीवी को आप अपने अनुभव के अनुसार लम्बा बना सकते हैं। अमेरिका और कनाडा जैसी जगहों में सीवी का उपयोग केवल शैक्षणिक जॉब के लिए किया जाता है, जैसे, ऐकडेमिक जॉब, ऐकडेमिक ऐप्लिकेशन, रिसर्च आदि। कभी-कभी बड़े ऑर्गनाइजेशन शुरू में आपसे रिज्यूमे ही मांगते हैं और जब उन्हें लगता है कि आप रोल के लिए चुने जा सकते हैं, तब वह आपसे सीवी की मांग करते हैं।
सीवी बनाते हुए रखें इन चीजों का ध्यान
उपलब्धियां बताएं
आपने अपने करियर में कई उपलब्धियां हासिल की होंगी और इन सभी को आपको अपने सीवी में शामिल करना चाहिए। इस चीज का खास ध्यान रखना चाहिए कि आपकी बड़ी उपलब्धियां पहले दिखें। अपनी महत्वपूर्ण उपलब्धियों को बोल्ड लेटर्स में लिखें।
दें अपना बेस्ट इम्प्रेशन
सीवी का उद्देश्य एक विशेष जॉब के लिए है, इसलिए अपनी सीवी में उन चीजों को हाइलाइट करें, जो उस जॉब की जरूरत है। इस विशेष जॉब के लिए आप परफेक्ट हैं, यही आपके सीवी का उद्देश्य होना चाहिए।
दिखने में साफ हो सीवी
सीवी में आप काफी सारी जानकारियां लिख रहे हैं, इसका मतलब ये बिल्कुल नहीं होना चाहिए कि सीवी में सारे शब्द एक जैसे दिखे और यह कोई निबंध जैसा दिखने लगे। आपको अपने फॉन्ट्स और शब्दों के आकार का पूरा ध्यान रखना होगा।
पिछले जॉब से हो सीवी की शुरुआत
आपके सीवी में हर पब्लिकेशन के बारे में लिखा होना चाहिए लेकिन, याद रहे कि सीवी आपके आज के जॉब से शुरू होते हुए आपके पहले जॉब की तरफ बढ़ें। यानी वर्तमान काल से भूतकाल की तरफ।
सीवी का उदहारण

इन जॉब के लिए सीवी है बेहद जरूरी
अगर आप प्रोफेसर या ऐकडेमिक करियर में है तो आपके लिए सीवी बहुत ही महत्वपूर्ण है। आपके करियर और उपलब्धियों को विस्तार से जानने के लिए सीवी बहुत जरूरी है। अगर आपका करियर मेडिकल लाइन से जुड़ा है तब भी आपके लिए सीवी बहुत जरूरी है। डॉक्टर्स हो या नर्स, आपकी डिग्रीज और अनुभव के बारे में जॉब देने से पहले जानना बेहद जरूरी है। मेडिकल क्षेत्र में डॉक्टर्स और डॉक्टर्स के क्षेत्र में कई अन्य फील्ड हैं जिसके बारे में सीवी ही विस्तार से बता पाएगा।
सीवी बनाते हुए न करें ये गलतियां
विस्तार की भी होती है लिमिट
सीवी का मतलब ही है विस्तार में लिखना लेकिन किसी भी चीज को जानबूझ कर लंबा लिखने का मतलब आपका इम्प्रेशन गलत पड़ रहा है। इसलिए अपने करियर के बारे में सोच समझ कर लिखें।
स्पेलिंग मिस्टेक का रखें ध्यान
सीवी में गलत स्पेलिंग एक बहुत बड़ी गलती है। आपको सीवी भेजने से पहले तीन-चार बार पढ़ना चाहिए। यहां आप अपने किसी दोस्त की भी मदद ले सकते हैं। गलत स्पेलिंग की वजह से आपको जॉब से भी हाथ धोना पड़ सकता है।
झूठ न लिखें
बहुत से लोग जॉब पाने के लिए कुछ चीजें ऐसी लिख देते हैं जो उन्हें नहीं आती और जॉब मिलने के बाद उन्हें बेहद परेशानियां होती हैं। आज नहीं तो कल आपका झूठ पकड़ा ही जाएगा, जिससे आप अपनी जॉब भी खो सकते हैं। इसलिए सबकुछ सही और सच लिखें।
यह बताने के लिए कि आप जॉब के लिए परफेक्ट हैं, इसके लिए सीवी काफी है। आपको इसे बनाते हुए अपने दोस्त या अनुभवी सीनियर्स की भी मदद लेनी चाहिए। रिज्यूमे की जगह सीवी आपके इम्प्रेशन को काफी पॉलिश करती है। अगर आप यह नहीं जानते कि आपकी कंपनी को सीवी चाहिए या रिज्यूमे, तो आप यह सवाल सीधे एचआर से कर सकते हैं।
सीवी से जुड़े सवाल-जवाब
क्या सीवी में पर्सनल जानकारियां देनी चाहिए?
जी हां, आप अपनी बेसिक पर्सनल जानकारी दे सकते हैं। लेकिन, याद रहे कि सीवी में आपका फोकस आपके करियर को विस्तार में लिखना होना चाहिए।
सीवी की लेंथ क्या हो?
क्योंकि आप सीवी में अपने करियर को विस्तार से लिख रहे हैं तो ये 4 पन्नों से लेकर 10 से भी ज्यादा पन्नों की हो सकती है।
सीवी के फॉन्ट्स को कलर किया जाना चाहिए?
नहीं, आपको सीवी के फॉन्ट बहुत ही प्रोफेशनल रखने चाहिए। आप फॉन्ट्स को बड़ा, बोल्ड या इटैलिक कर सकते हैं लेकिन इसे कलर करना सही नहीं होगा।