अक्सर ऐसा होता है कि हम अपने करियर की रफ्तार को आगे-पीछे करते हुए जीवन में आगे बढ़ते हैं। इस दौरान हमें इस बात का अंदाजा नहीं होता है कि कुछ ऐसी बातें हैं, जिसे समझ कर और जानकर हम अपने जीवन में करियर की गाड़ी को सकारात्मकता से आगे ले जा सकती हैं। हर महिला के लिए यह जरूरी है कि अपने करियर से जुड़ी हुई 10 जरूरी बातों को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाएं। इससे आप कम कमाई में भी सकारात्मक तरीके से अपने करियर की गाड़ी को आगे बढ़ा सकती हैं। आइए जानते हैं विस्तार से।
अपनी पहचान बनाना

कई बार ऐसा होता है कि काम करने के दौरान हम मेहनत से काम करते हैं, लेकिन अपनी पहचान नहीं बना पाते। यानी कि खुद को हाइलाइट नहीं कर पाते हैं। ऐसे में आपको यह पता होना चाहिए कि मेहनत अपनी जगह सही है, लेकिन आपको स्मार्ट वर्क करना होगा। स्मार्ट वर्क के रास्ते आप अपनी पहचान कार्यस्थल पर बनाने में सफल हो पाती हैं। आपके लिए एक मजबूत पहचान का मतलब यह है कि लोग आपको आपके गुणों, कार्यशैली और कौशल से पहचानें। उल्लेखनीय है कि जब आप अपनी अलग पहचान बनाते हैं, तो आप भीड़ में खोते नहीं, बल्कि पहचाने जाते हैं। यह ध्यान रखें कि जैसे ही आप अपनी पहचान बनाते हैं, तो आपके वरिष्ठ आपके काम पर बहुत अधिक भरोसा करते हैं और आपको अहम जिम्मेदारियां देने लगते हैं। साथ ही आपके प्रमोशन के लिए दरवाजे खुलते हैं और नेटवर्किंग में भी सहायता मिलती है।
टाइम मैनजेमेंट

आपके लिए यह भी जरूरी है कि टाइम मैनेजमेंट का गणित आपको समझना होगा। समय को समझना और उसे मैनेज करना आपके जीवन को समय की कीमत करने की सीख देता है। इससे आपकी प्रोडक्टिविटी बढ़ती है। साथ ही आपको तनाव कम होता है। आप टाइम मैनेजमेंट के गुण पाते हुए अपनी डेडलाइन को आसानी से पूरा कर सकती हैं। अपनी वर्क-लाइफ को बैलेंस कर सकती हैं। साथ ही समय से अपना काम पूरा करने पर कार्यस्थल पर आपकी अहमियत बढ़ती है। आपको भरोसेमंद कर्मचारी माना जाता है। बेहतर टाइम मैनेजमेंट के लिए आपको अपने दिन की शुरुआत टू डू लिस्ट से करनी होगी। आपको अपनी प्राथमिकता तय करनी होगी। साथ ही आपको क्या जरूरी है और क्या नहीं इसमें फर्क भी समझना होगा। फोन और सोशल मीडिया से खुद को दूर रखना चाहिए। बड़े और छोटे कामों को हिस्से में बांटना चाहिए। अपने हर दिन के काम के लिए समय भी तय करना चाहिए। इन सारे टिप्स को फॉलो कर आप अपना टाइम मैनेजमेंट आसानी से कर सकती हैं।
नेटवर्किंग करना
नेटवर्किंग ऐसी कला है, जिसे हम अक्सर अनदेखा कर देते हैं। कई लोग ऐसे होते हैं, जो कि केवल अपने काम से मतलब रखते हैं और काम खत्म करने के बाद अपने घर चले जाते हैं। उनके जीवन में नेटवर्किंग का मतलब केवल जीरो होता है। लेकिन आपको यह पता होना चाहिए कि यह जीरो आपको आपके करियर का हीरो बना सकता है। इसलिए जरूरी है कि आपको कार्यस्थल में संपर्क बढ़ाने चाहिए। ध्यान दें कि अच्छे संबंध बनाने से करियर में आगे बढ़ने का अवसर भी मिलता है। यदि आप नेटवकिंग को नजरअंदाज करते हैं, तो आपके पास नए अवसरों का अभाव हो सकता है।
नौकरी में सिर्फ सुरक्षा पर फोकस न करना

आपके लिए बहुत जरूरी है कि नौकरी में आपको हमेशा खुद को सुरक्षित रहने पर फोकस नहीं करना चाहिए। बहुत लोग ऐसे होते हैं, जो कि नौकरी न गंवाने के डर में केवल खुद को सुरक्षित रखने का काम करते हैं। अगर आप सुरक्षा की बजाय अनुभव और स्किल्स पर ध्यान देती हैं, तो करियर में बहुत आगे जा सकते हैं। आपको यह ध्यान देना होगा कि नौकरी केवल सुरक्षा का विषय नहीं है बल्कि इसके जरिए आप खुद को गुणवत्ता से भरपूर बना सकती हैं। आपको यह सोचने से बचना है कि एक सुरक्षित नौकरी ही आपके जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि हो सकती है।
लगातार सीखते रहना
आपको हमेशा सीखते रहने के लिए तैयार रहना चाहिए। सीखने की आदत से खुद को कभी भी दूर न करें। न यह समझें और मानें कि आपको सबकुछ आता है। यह सबकुछ आने वाली सोच आपको जीवन में अकेला कर देती है। आज की तेजी से बदलती हुई दुनिया में नई स्किल्स और ज्ञान को लगातार हासिल करना जरूरी है। इसलिए बहुत जरूरी है कि आप खुद को अपडेट रखें। सीखते रहना का गुण आपको जीवन की हर परेशानी में सुरक्षित रखता है।
जोखिम से घबराना नहीं
हमेशा सुरक्षित विकल्पों की तलाश न करें। कई बार ऐसा होता है.जब आपको जोखिम से गुजरना होगा। जोखिम से घबराना नहीं चाहिए। अगर आप केवल सुरक्षित विकल्पों पर काम करेंगे , तो कभी-भी अपनी पूरी क्षमता को नहीं जान पायेंगे। जोखिम उठाने से आपके सामने नए अवसर और चुनौतियां आ सकती है, जो आपके करियर को बढ़ावा देती हैं। जोखिम का सामना करने से आपका भी आत्मविश्वास बढ़ता है। आप करियर के राह पर आने वाली हर चुनौती का सामना करती हैं, तो इससे आपका खुद पर भी यकीन बढ़ता है।
सकारात्मक सोच

करियर की राह में ऐसी कई सारी मुश्किलें आएंगी, जो आपको कई बार भावनाओं के कटघरे में खड़ा करेंगी। लेकिन इस दौरान आपके लिए यह समझना जरूरी है सकारात्मक सोच आपका जीवन बदल देगी। करियर की राह में सकारात्मक सोच एक ऐसी मानसिकता है जो न सिर्फ आपके आत्मविश्वास को बढ़ाती है, बल्कि मुश्किल हालातों में भी आपको टिके रहने की ताकत देती है। सकारात्मक सोच आपको गिरने के बाद फिर से उठने की हिम्मत देती है। आप हर अनुभव से कुछ न कुछ जरूर सीखते हैं। सकारात्मक सोच के साथ आप समस्या पर रोने की बजाय उसका हल खोजते हैं। इस तरह की सोच तनाव को कम करती है। सकारात्मक सोच के जरिए आपको हर मुश्किल में रोशनी और ग्रोथ नजर आती है।
अपनी सेहत का ध्यान रखना
करियर की राह में यह देखना बहुत जरूरी है कि आप अपनी सेहत का किस तरह ख्याल रखती हैं। आपको यह समझना जरूरी है कि सेहत सर्वप्रथम। अगर आप हमेशा काम में लगे रहेंगे और अपनी सेहत का ध्यान नहीं रखेंगे, तो यह आपकी उत्पादकता को प्रभावित कर सकता है। मानसिक और शारीरिक सेहत का ध्यान रखना जरूरी है। करियर को बनाने के दबाव में आपको अपने सेहत से कोई समझौता नहीं करना है। अगर आप सेहतमंद रहेंगे, तो आप अपने हर दिन में 100 प्रतिशत दे पायेंगी।
गति बनाए रखना

आपको निरंतर बने रहना है। गति का मतलब यह नहीं कि काम में तेजी लाना, बल्कि गति का मतलब होता है कि अपने क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ते रहना और साथ ही खुद को अपडेट करना जरूरी है। मेहनत के साथ आप अगर अपने क्षेत्र से जुड़ी सारी जानकारी से खुद को अपडेट रखते हैं, तो इससे आप खुद को भविष्य के लिए सही दिशा में आगे बढ़ाते हैं। लगातार मेहनत और गति बनाए रखना आपके करियर को सफलता की दिशा में ले जाता है। कभी-कभी धीमी गति से काम करना भी फायदे का सौदा हो सकता है, लेकिन अस्थिरता से बचें।
अपनी छोटी से बड़ी हर सफलता का जश्न मनाना
जश्न मनाना बहुत जरूरी है। जिस तरह आप अपनी छोटी और बड़ी हार पर दुखी होते हैं, ठीक इसी तरह आपको अपनी हर छोटी और बड़ी सफलता का भी जश्न मनाना चाहिए। आपकी मेहनत का फल आपको मिल रहा है, तो उसे एन्जॉय करें। सफलता का जश्न मनाने से न केवल आत्म-सम्मान बढ़ता है, बल्कि यह आपको और मेहनत करने के लिए प्रेरित करता है।