गर्मी का आगमन हो चुका है। ऐसे में इस दौरान एक नहीं बल्कि कई सारी वजह हैं, जहां पर आपको अपने चेहरे की त्वचा की देखभाल बारीकी से करनी होती है। इसके लिए आपको कुछ जरूरी बातों के साथ डेली टिप्स की जरूरत पड़ सकती है, जिसके आधार पर आप अपने चेहरे की त्वचा को गर्मी के दौरान सुरक्षित रख सकती हैं। तेज धूप, पसीना, धूल-मिट्टी और प्रदूषण मिलकर चेहरे की प्राकृतिक नमी और चमक को प्रभावित कर सकते हैं। आइए जानते हैं विस्तार से।
अपनी त्वचा के प्रकार पर दें ध्यान

गर्मी की तैयारी शुरू करने से पहले यह जानना जरूरी है कि आपकी त्वचा किस प्रकार की है। ऑयली स्किन (तैलीय त्वचा) होने पर ज्यादा पसीना और तेल निकलता है। इसके अलावा अगर आपकी त्वचा ड्राई स्किन (रूखी त्वचा) होने पर खिंचाव और रूखापन होता है। कई लोगों की कॉम्बिनेशन स्किन भी होती है। इसमें कुछ हिस्सा तैलीय और बाकी हिस्सा सामान्य/रूखा होता है। सेंसिटिव स्किन में जल्दी जलन या रिएक्शन होता है। इसके लिए आपको बहुत ही सावधानी से इस बात का ध्यान रखना होता है कि आपकी त्वचा का प्रकार क्या है। आपको अपनी त्वचा के प्रकार के अनुसार प्रोडक्ट और घरेलू उपाय का चुनाव करना होता है।
जरूरी है चेहरे के लिए जरूरी क्लीनिंग रूटीन

गर्मी के मौसम में चेहरे की त्वचा की सफाई होना बहुत ही जरूरी होता है। दिन में दो बार आपको अपना चेहरा साफ पानी से धोना चाहिए। सुबह और रात को माइल्ड फेसवॉश से चेहरा साफ करें। तैलीय त्वचा वालों के लिए फोम बेस्ड या जेल बेस्ड क्लींजर बेहतर रहता है। अगर आप बाहर से आते हैं या ज्यादा पसीना आता है, तो सिर्फ पानी से या माइल्ड क्लींजर से चेहरा धो लें। बार-बार चेहरा धोने से त्वचा की प्राकृतिक नमी खत्म हो सकती है। इसलिए ज्यादा अपने चेहरे को धोना नहीं चाहिए।
सनस्क्रीन को न करें अनदेखा

कई लोग ऐसे हैं, जिन्हें यह नहीं पता कि हर दिन आपके चेहरे के लिए सनस्क्रीन बहुत मायने रखती है। उल्लेखनीय है कि गर्मी में सूरज की किरणें त्वचा को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाती हैं। सनस्क्रीन आपके चेहरे के लिए क्यों जरूरी है इसके एक नहीं बल्कि कई सारी वजह हैं। सबसे पहले सनस्क्रीन टैनिंग से बचाता है। झाइयों और पिगमेंटेशन से भी सुरक्षा देता है। समय से पहले झुर्रियों से बचाव मिलता है। साथ ही स्किन कैंसर के खतरे को भी कम करने में सहायक होता है। हालांकि आपके लिए यह भी जरूरी है कि एक सही सनस्क्रीन का चुनाव आप कैसे करें। आपके सनस्क्रीन के लिए एसपीएफ 30 या फिर उससे अधिक नंबर की क्रीम अपने स्किन की त्वचा के अनुसार चयन करना चाहिए। ऑयली स्किन के लिए मैट या जेल बेस्ड और ड्राई स्किन के लिए मॉइस्चराइजिंग सनस्क्रीन का चुनाव करें। सनस्क्रीन को हर 3 से 4 घंटे में फिर से लगाना न भूलें। खासतौर पर अगर आप धूप में अधिक रहते हैं।
मॉइस्चराइजर और स्क्रब का इस्तेमाल न भूलें

कई लोग गर्मी में मॉइस्चराइज़र नहीं लगाते हैं। लेकिन ऐसा करना भी गलत होगा। आपको अपनी स्किन के हिसाब से मॉइस्चराइजर का इस्तेमाल करना चाहिए। तैलीय स्किन के लिए वॅाटर बेस्ड मॉइस्चराइज़र का इस्तेमाल करें। ड्राई स्किन के लिए हल्का क्रीम बेस्ड मॉइस्चराइज़र का इस्तेमाल करें। आपके पास अगर कोई भी मॉइस्चराइजर नहीं है, तो आप एलोवेरा जेल का भी इस्तेमाल कर सकती हैं। यह ध्यान रखें कि मॉइस्चराइजर आपके चेहरे की त्वचा की नमी को बरकरार रखता है और त्वचा से जुड़ी परेशानी से भी आपको दूर रखने में सहायता करता है। गर्मी के मौसम में भी आपको स्क्रब जरूर करना चाहिए। लेकिन इसका इस्तेमाल अधिक नहीं करना चाहिए। गर्मी के मौसम में डेड स्किन और पसीना मिलकर आपके चेहरे के पोर्स को बंद कर सकते हैं। इसलिए जरूरी है कि सप्ताह में एक से 2 बार हल्का स्क्रब करें। आपको अपनी त्वचा को बहुत अधिक रगड़ना नहीं है। सेंसिटिव त्वचा वाले बहुत ही मुलायम स्क्रब का चुनाव अपनी त्वचा के लिए करें। आप स्क्रब के लिए बेसन, दही और चुटकी भर हल्दी मिलाकर भी इसका इस्तेमाल बतौर स्क्रब कर सकती हैं। हालांकि घरेलू उपाय से पहले एक बार आपको पैच टेस्ट जरूर करना चाहिए।
गर्मी के लिए जरूरी फेस पैक

गर्मी में आप कई तरह के फेस पैक बनाकर उनका इस्तेमाल अपने चेहरे पर कर सकती हैं। खीरा फेस पेक, एलोवेरा जेल, मुल्तानी मिट्टी के साथ दही और शहद मिलाकर भी आप अपने लिए फेस पैक तैयार कर सकती हैं। खीरा चेहरे को ठंडक देता है। एलोवेरा सनबर्न में राहत देता है। तैलीय त्वचा पर मुल्तानी मिट्टी अच्छी तरह से काम करती है। आप इनमें से कोई भी फेस पैक का इस्तेमाल अपने चेहरे पर गर्मी के मौसम के दौरान कर सकती हैं।
पानी को न करें अनदेखा और सही खान-पान
गर्मी के मौसम में आपको अपनी त्वचा का पूरी तरह से ध्यान रखने के लिए सबसे जरूरी पानी का सेवन करना है। अगर आप पानी का सेवन सही मात्रा में नहीं करती हैं, तो इससे आपको काफी नुकसान हो सकता है। गर्मी के मौसम में पानी का अधिक से अधिक सेवन करना चाहिए। तकरीबन 8 से 10 गिलास पानी का सेवन करना चाहिए। साथ ही ऐसे पदार्थों का सेवन करना चाहिए। जिसमें पानी की मात्रा अधिक होती है। जैसे कि तरबूज, खीरा, नारियल पानी, नींबू पानी और मौसमी फल का सेवन अधिक मात्रा में करना चाहिए। जंक फूड से दूरी बनाकर रखनी चाहिए।
मेकअप करें लेकिन संभल कर
गर्मी के मौसम में अधिक मेकअप नहीं करना चाहिए। गर्मी में भारी मेकअप पोर्स को बंद कर सकता है। लाइट बीबी क्रीम या टिंटेड मॉइस्चराइजर का इस्तेमाल करें। वाटरप्रूफ मेकअप का भी इस्तेमाल आप कर सकती हैं। साथ ही रात में सोने से पहले मेकअप को हटाना न भूलें। गर्मी के मौसम में चेहरे को ठंडक देना भी जरूरी होता है। इसके लिए आप गुलाब जल के स्प्रे का इस्तेमाल कर सकती हैं। फेस मिस्ट का भी उपयोग कर सकती हैं। गर्मी के मौसम में आप बर्फ का इस्तेमाल भी अपने चेहरे पर कर सकती हैं। लेकिन ध्यान रखें कि मेकअप को सीधे आपको चेहरे पर नहीं लगाना है। कपड़े में लपेटकर हल्का दबाएं। अगर धूप में आपकी त्वचा बर्न हो गई है, तो एलोवेरा जेल लगाएं। ठंडे दूध की पट्टी लगाएं। ठंडे पानी से चेहरा साफ करें और खुद को कुछ दिनों के लिए धूप से बचाकर रखें।
नाइट रूटीन को न करें अनदेखा
आपको किसी भी तरह अपने नाइट रूटीन को अनदेखा नहीं करना चाहिए। नाइट रूटीन का ध्यान आपको अच्छी तरह रखना चाहिए। गर्मी में नाइट रूटीन भी काफी जरूरी होता है। नाइट रूटीन में क्लींजिंग, टोनर, हल्का सीरम और मॉइस्चराइजर का इस्तेमाल जरूर करें। रात में त्वचा खुद को रिपेयर करती है। इसलिए बहुत जरूरी है कि सोने से पहले साफ और पोषित त्वचा जरूर रखें। हालांकि आपको कुछ अधिक सावधानी रखने की जरूरत है। आपको धूप में निकलते समय टोपी या छाता रखना चाहिए। सनग्लासेस भी पहनें। चेहरे को गंदे हाथों से नहीं छूना चाहिए। तौलिया भी आपको साफ रखना चाहिए। आपको इतना भी ध्यान रखना है कि तकिए का कवर नियमित बदलते रहें। कुल मिलाकर देखा जाए, तो गर्मी में चेहरे की देखभाल की तैयारी किसी महंगे ट्रीटमेंट से नहीं, बल्कि सही और नियमित दिनचर्या से होती है। आप अगर अपने खान-पान को सही रखती हैं और स्किन का ध्यान रखती हैं, तो इससे आपको काफी फायदा होता है।