img
हेल्प
settings about us
  • follow us
  • follow us
write to us:
Hercircle.in@ril.com
terms of use | privacy policy � 2021 herCircle

  • होम
  • कनेक्ट
  • एक्स्क्लूसिव
  • एन्गेज
  • ग्रो
  • गोल्स
  • हेल्प

search

search
all
communities
people
articles
videos
experts
courses
masterclasses
DIY
Job
notifications
img
Priority notifications
view more notifications
ArticleImage
होम / एन्गेज / रहन-सहन / यात्रा

आइए करें छुपे खजाने की तरह धरती का सौन्दर्य समेटे जगहों की सैर

टीम Her Circle |  जनवरी 23, 2025

हमारा भारत देश कई रोमांचकारी जगहों से भरा पड़ा है, इनमें से कई ऐसी जगहें हैं, जिनके बारे में आपने सुना भी नहीं होगा। यदि आप भी यात्रा की शौकीन हैं, तो आइए जानते हैं भारतीय सरजमीं पर फैले ऐसे अनदेखे खजानों के बारे में। 

13 आर्क ब्रिज - केरल

कोल्लम जिले के कजाजुरुथी में बना केरल का 13 आर्क ब्रिज वास्तुशिल्प का अद्भुत चमत्कार है। आपको जानकर हैरानी होगी कि एक सदी पहले बना यह आर्क ब्रिज, पूरी तरह चट्टानों से बना है। विशेष रूप से जब इन पर से होकर ट्रेनें गुजरती हैं, तो ये आधुनिकता के साथ परंपरा का अद्भुत संगम लगती हैं।

टाडा झरना - आंध्र प्रदेश

आंध्र प्रदेश की खूबसूरत पहाड़ियों और हरियाली में छुपा टाडा झरना आंध्र प्रदेश का अनुपम सौंदर्य बयान करती हैं। स्थानीय निवासी इस झरने को उब्बालमडुगु झरना भी कहते हैं। तो जब कभी आंध्र प्रदेश जाना हो, तो इस झरने की सैर करना मत भूलिएगा।

अर्वलेम गुफाएं - गोवा 

अर्वलेम गुफाओं के बारे में ऐसा माना जाता है कि चट्टानों को काटकर बनाई गई इन गुफाओं का निर्माण पांडवों ने अपने 12 वर्ष के निर्वासन के दौरान छुपने के लिए किया था। बिचोलिम शहर से 9 किलोमीटर दक्षिण में स्थित ये गुफाएं महाभारत कला के साथ प्रागैतिहासिक जीवन की अनमोल धरोहर हैं।  

लैटमॉव्सियांग - मेघालय 

पूर्वी खासी हिल्स के खतारशनोंग लैतक्रोह ब्लॉक में प्रकृति की गोद में बसा यह छोटा सा गाँव उन लोगों के लिए आदर्श ठिकाना है, जो भीड़भाड़ से दूर एकांत में रहना पसंद करते हैं।

चेट्टीनाड पैलेस - तमिलनाडु

आपको जानकर आश्चर्य होगा कि महलों का शहर कहलानेवाला राजस्थान एकमात्र राज्य नहीं है, जहां राजा-महाराजाओं की ऐतिहासिक विरासत फैली हुई है। दक्षिण भारत में भी कई ऐसी जगहें हैं, जहां का इतिहास आपको लुभा सकता है। इन्हीं में से एक है तमिलनाडु राज्य का चेट्टीनाड पैलेस, जो कला के साथ वास्तुकला और परंपरा का भी अनूठा संगम है।    

दूधपथरी - कश्मीर 

श्रीनगर से 42 किलोमीटर दूर स्थित दूधपथरी इलाका भारत के खूबसूरत मैदानी इलाकों में से एक माना जाता है। ऐसे में आप जब भी कश्मीर घूमने का इरादा बनाएं, तो इस जगह को अपनी लिस्ट में सबसे पहले रखिएगा।  

इडुक्की - केरल 

पर्यटकों की भीड़ से दूर केरल का इडुक्की जिला, दक्षिण भारत के उन खूबसूरत जिलों में से एक है, जहां जाने के लिए आपको जंगल से होकर गुजरना पड़ता है। हालांकि यहां जाते वक्त आपको इस बात का खास ख्याल रखना पड़ेगा कि आपका सामना हाथियों के झुंड से न हो जाए।  

नागरहोल राष्ट्रीय उद्यान - कर्नाटक

यूनेस्को विश्व धरोहर के संरक्षण में स्थित नागरहोल राष्ट्रीय उद्यान, कर्नाटक की शान है। वन्य जीवों और पौधों से समृद्ध यह अभयारण्य फोटोग्राफी के लिए एक आदर्श जगह है। यदि आप फोटोग्राफी की शौकीन हैं, तो यह जगह आपके लिए ही है। फिलहाल इसका नाम नागरहोल राष्ट्रीय उद्यान से बदलकर राजीव गांधी अभयारण्य कर दिया गया है।

झटींगरी - हिमाचल प्रदेश

यूं तो हिमाचल प्रदेश स्वयं एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल है, लेकिन घाटसनी से बरोट के रास्ते में पांच किलोमीटर की दूरी पर स्थित यह छोटा सा पहाड़ी इलाका उनके लिए स्वर्ग जैसा है, जिन्हें शोर नहीं पसंद। अगर आप भी उन्हीं में से एक हैं, तो आपके लिए यह एक आदर्श स्थान हो सकता है।

चलाकुड़ी - केरल 

मुन्नार और थेक्कड़ी से दूर चलाकुड़ी आपके लिए आदर्श जगह हो सकती है, यदि आप घूमने-फिरने के लिए कुछ ऐसी जगहों की तलाश में हों, जहां लोगों का आना जाना न के बराबर हो। माला और एझिकोड़ के बैकवॉटर के अलावा पहाड़ियों, झरनों और वन्य जीवों के साथ समुद्री तटों को अपने में समेटे यह जगह बेहद खूबसूरत है।

मैथन - झारखंड 

अगर यात्रा के दौरान आप अपने जुनून को प्राथमिकता देते हुए अपने अंदर के अन्वेषी को बाहर निकालना चाहती हैं, तो झारखंड का मैथन आपको बांहें फैलाए पुकार रहा है।

डॉक्टर सलीम अली बर्ड सैंक्चुरी - गोवा

समुद्र के बीचो-बीच चोराओ द्वीप में स्थित डॉक्टर सलीम अली बर्ड सैंक्चुरी जाने के लिए रिबंदर से नाव के जरिए जाया जाता है। प्रवासी महीनों के दौरान आप सुबह-सुबह यहां साइबेरिया से आए पक्षियों के बहुत बड़े समूह को भी देख सकती हैं। तो अगली बार जब गोवा आने का प्लान बनाइए, तो समुद्री तटों और चर्चों के साथ गोवा की इन अनजान जगहों से अपना परिचय बढ़ाना मत भूलिए।    

अदालज बावड़ी - गुजरात

गुजरात की अदालज बावड़ी, प्राचीन वास्तुकला की अनमोल धरोहर है। ऐतिहासिक स्मारकों में से एक अदालज बावड़ी, परंपरागत पर्यटकों के अलावा आधुनिक पर्यटकों को भी अपने यहां आने और घूमने का निमंत्रण देती है।

चिखलदरा - महाराष्ट्र 

महाराष्ट्र के इस छोटी सी जगह चिखलदरा की यह खासियत है कि यहाँ किचकदारी और शक्कल जैसी खूबसूरत झीलों के साथ कई प्राचीन मंदिर और वन्यजीव संग्रहालय भी हैं। लोगों की निगाहों से दूर इस जगह को अपनी निगाहों में भरने के लिए आपको एक बार यहां जरूर आना चाहिए।

हाफलोंग - असम 

आम तौर पर इस जगह के बारे में लोगों की धारणा है कि भीड़भाड़ से दूर यह जगह काफी उबाऊ है, लेकिन यदि आप ऐसी किसी शांतिप्रिय जगह की तलाश में हैं, तो आपके लिए यह एक आदर्श जगह हो सकती है। इसके अलावा यहां की हाफलोंग झील यहां का मुख्य आकर्षण है, जिसे आप चाहकर भी नहीं भूल पाएंगी।

बादामी गुफाएं - कर्नाटक

उत्तरी कर्नाटक के बागलकोट जिले में छिपी बादामी गुफाएं, दक्षिण भारत के महान राजा चालुक्य के अभूतपूर्व वास्तुकला का बेजोड़ नमूना है। गौरतलब है कि छठवी शताब्दी में यह जगह चालुक्य साम्राज्य की राजधानी हुआ करती थी।

लुगनाक घाटी - लद्दाख

लद्दाख के दक्षिण-पूर्वी जांस्कर में स्थित लुगनाक घाटी, मूल रूप से 12वीं शताब्दी में बना एक गुफा मठ है, जिसमें लगभग 70 भिक्षु रहते हैं। इस मठ को फुगताल गोम्पा कहते हैं। इसकी खासियत यह है कि यहां आने के लिए आपको किसी वाहन की बजाय पैदल चलकर आना पड़ेगा। हालांकि यहां ऐसे कई झरने हैं, जिनमें आपकी सारी थकान मिटाने का सामर्थ्य है।

चोपता - उत्तराखंड

उत्तराखंड का छोटा सा गांव चोपता, तुंगनाथ और चंद्रशिला की यात्रा का आधार शिविर है। हालांकि एक शांत, सुरम्य जगह के रूप में अपनी पहचान रखनेवाला यह गांव, सिर्फ ट्रेकिंग के शौकीन लोगों के लिए ही नहीं, बल्कि शान्ति की तलाश में रहनेवाले लोगों के लिए भी एक आदर्श स्थान है।

महाराष्ट्र - मुरुड

मुरुड समुद्र के बीचो-बीच बना जंजीरा किला, भारत के सबसे मजबूत समुद्री किलों में से एक है और इसकी खासियत है इसकी विशाल संरचना के साथ इसके अंदर बना मीठे पानी का टैंक। सह्याद्री पठारों के साथ अपने समुद्री तटों के लिए मशहूर महाराष्ट्र का मुरुड वाकई अद्भुत और दर्शनीय स्थान है। 

तुओफेमा - नागालैंड

पहाड़ियों की स्थानीय प्रामाणिकता को महत्व देनेवालों के लिए नागालैंड का यह स्थान, अद्भुत अनुभव से भरपूर है। पारंपरिक अंगामी नागा शैली में बनी झोपड़ियों के साथ यहाँ आप प्रामाणिक आदिवासी जीवनशैली और स्वादिष्ट राईस बीयर का आनंद उठा सकती हैं। नागालैंड के बीचो-बीच बसा तुओफेमा गांव प्रकृति का अद्भुत वरदान है।    

लोकटक झील - मणिपुर

लोकटक झील पर तैरता केइबुल लानजाओ राष्ट्रीय उद्यान विश्व का एकमात्र तैरता राष्ट्रीय उद्यान है। प्राकृतिक वनस्पतियों के साथ अद्भुत जीव-जंतुओं से भरपूर इस राष्ट्रीय उद्यान की खूबसूरती का सबसे महत्वपूर्ण भाग है, स्वयं लोकटक झील। तो यदि आप कभी मणिपुर आएं तो इस झील का आनंद लेना न भूलें।    

एडक्कल - केरल

6000 ईसा पूर्व की रॉक पेंटिंग के साथ एडक्कल भारत का प्राचीन व्यापार मार्ग है। हालांकि इसके अलावा इसकी एक विशेषता यह भी है कि यहां की गुफाओं में आज भी 8000 ईसा पूर्व के ग्लिफ देखने को मिलते हैं, जो इस जगह को और खास बनाते हैं। तो अगर शहर की भीड़भाड़ से आप ऊब चुकी हैं और मानसून का आनंद उठाने के साथ कुछ पल अपने साथ बिताना चाहती हैं, तो बैग पैक कीजिए और निकल जाइए इन खूबसूरत जगहों की ओर, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं।

 

शेयर करें
img
लिंक कॉपी किया!
edit
reply
होम
हेल्प
वीडियोज़
कनेक्ट
गोल्स
  • © herCircle

  • फॉलो अस
  • कनेक्ट
  • एन्गेज
  • ग्रो
  • गोल्स
  • हेल्प
  • हमें जानिए
  • सेटिंग्स
  • इस्तेमाल करने की शर्तें
  • प्राइवेसी पॉलिसी
  • कनेक्ट:
  • email हमें लिखें
    Hercircle.in@ril.com

  • वीमेंस कलेक्टिव

  • © 2020 her circle