इसमें कोई संदेह नहीं है कि आपकी रसोई में इंडक्शन कुकटॉप्स से लेकर टेफ्लॉन-कोटेड नॉन-स्टिक बर्तन, सब कुछ नई तकनीक से भरा हुआ है। लेकिन अगर हम कहें कि आपके किचन में कुछ ऐसी चीजें भी होनी चाहिए,जो आपके किचन को न कि सिर्फ पारंपरिक टच देंगे बल्कि आपके खाने का स्वाद भी बढ़ाएंगे। हम बात कर रहे हैं मिट्टी से बने बर्तनों की। मिट्टी बर्तनों का स्वाद जब खाने में आता है, तो यह आपको और ज्यादा आनंद देता है। याद है बचपन में कैसे आप ठन्डे मिट्टी के घड़े का पानी पीते थे। सुबह से भरा हुआ यह घड़ा शाम तक पानी को ठंडा रखता था और इसमें से सोंधी खुशबू और भी ज्यादा आकर्षित करती थी। यही नहीं, मिट्टी से बनें बर्तन दिखने में भी काफी खूबसूरत लगते हैं और यह आज के मॉर्डन किचन को सुंदर टच भी देंगे। तो जरा गौर कीजिए इन 5 मिट्टी के बर्तनों पर, जिसे आप अपने किचन में जगह दे सकती हैं।
बिरयानी पॉट

आपने अक्सर देखा होगा कि जब आप बाहर से बिरयानी मंगाती हैं, तो वो मिट्टी की हांडी में आती है और इसका स्वाद ऐसा होता है कि लोग उंगलियां चाट लेते हैं। आप इसे अपने किचन में भी जगह दे सकती हैं। इसमें सिर्फ बिरयानी ही नहीं दाल या कढ़ी भी बनाकर देख लीजिएगा। स्वाद इतना अच्छा आएगा कि सिंपल सी दाल भी स्वादिष्ट लगेगी।
मिट्टी का कुकर

इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर हैं मिट्टी का कुकर बाजारों में मिट्टी के कई खूबसूरत कुकर उपलब्ध हैं जो वही काम करते हैं जो आपका नॉर्मल प्रेशर कुकर करता है। क्ले कुकर मॉडर्न रसोई के लिए पूरी तरह से मॉडर्न डिजाइन आता है। जी हां, इसमें सिटी भी होती और यह खाने के पोषण को खत्म नहीं करता बल्कि, इसमें अपना स्वाद भी डाल देता है।
काली मिट्टी के बर्तन

चूंकि काली मिट्टी के बर्तनों को भट्ठे में डालने के लिए दो बार बनाया जाता है और दो बार भट्ठे में डाला जाता है, इससे इसमें बहुत ताकत होती है और टूटने से बचता है। इस प्रकार के बर्तन को दक्षिण में बहुत पसंद किया जाता है जहां इसे "चट्टी" नाम से जाना जाता है और पारंपरिक मछली करी तैयार करने के लिए उपयोग किया जाता है।
दही पॉट

यह एक ऐसा पॉट है, जिसमें आप खाना भी बना सकते हैं, लेकिन यह नॉर्मल पॉट से काफी छोटा होता है और इसे अक्सर दही जमाने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। इसकी खास बात यह है कि मिट्टी सारा पानी सोख लेती है और दही एकदम गाढ़ा जमता है।
माइक्रोवेव फ्री मिट्टी का बर्तन

अंत में, यह एकदम मॉडर्न बर्तन। आप जानकार चौंक जाएंगी कि मार्केट में मिट्टी से बना यह माइक्रोवेव फ्री बर्तन भी उपलब्ध है। यह कांच के ढक्कन के साथ आता हैं और इसकी कड़ाही की तरह गहरी और संकरी डिजाइन खाने को तलने के भी योग्य बनाता है।
दरअसल, मिट्टी के बर्तन में पका हुआ खाना आयरन, कैल्शियम, मैग्नीशियम और सल्फर से भरपूर होता है जो आपकी सेहत के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। मिट्टी के बर्तन उसी समृद्ध विरासत का हिस्सा हैं, जिसने हमारे पूर्वजों को स्वस्थ जीवन जीने में मदद की। तो आइए मिलकर उस अच्छाई को फिर से जीयें, कुदरत से जुड़ें!