डायबटीज है? अच्छी डायट के साथ मिलाएं ये 5 बीज भी, जो करेंगे ब्लड शुगर लेवल को कंट्रोल
यदि आप प्री-डायबेटिक या डायबिटिक हैं, तो आपके डॉक्टर ने आपके डायट की पूरी प्लानिंग आपको दी होगी। ऐसा इसलिए क्योंकि खाने की आदतों का सीधा असर हमारे ब्लड शुगर लेवल पर पड़ता है। यह ब्लड शुगर का स्तर समय के साथ कई अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकता है, जैसे हृदय रोग, दिल का दौरा और स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है। हालांकि, डायबिटीज को पूरी तरह खत्म करना मुश्किल है, लेकिन इसे अच्छी डायट और अच्छी लाइफस्टाइल के साथ कंट्रोल किया जा सकता है। आप जानकार चौंक जाएंगे कि कुछ बीज ऐसे हैं, जिसके सेवन से आप शुगर लेवल पर कंट्रोल कर सकते हैं। यहां 5 अद्भुत बीज हैं जिन्हें आप अपने दलिया या सलाद में शामिल कर सकती हैं या इसे ऐसे ही खा सकती हैं।
सनफ्लॉवर सीड्स

सूरजमुखी के बीज यानी सनफ्लॉवर सीड्स दुनिया भर में उगाए और खाए जाते हैं, क्योंकि इनमें फाइबर, प्रोटीन, विटामिन ई और कई अन्य पोषक तत्व जैसे, एंटीऑक्सिडेंट, खनिज और विटामिन जैसे अत्यधिक पोषक तत्व होते हैं, जो एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मधुमेह सहित कुछ बीमारियों की रोकथाम या उपचार में भी सनफ्लॉवर सीड्स एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। क्लोरोजेनिक एसिड, क्विनिक एसिड, कैफिक एसिड, ग्लाइकोसाइड और फाइटोस्टेरॉल की उपस्थिति के कारण इन बीजों में एंटी-डायबिटिक गुण होते हैं। इनमें 20% प्रोटीन भी होते हैं।
कद्दू के बीज

अगर आपको डायबटीज है, तो मुट्ठी भर कद्दू के बीज अपने पास रखें और अपने आस-पास के मीठे खाद्य पदार्थों का अधिक सेवन करने से बचें। कद्दू के बीज भूख को दबाने के लिए जाने जाते हैं, जिससे आप कम खाना खाते हैं और शरीर में शुगर की मात्रा कम बनती हैं।
मेथी के बीज

मेथी के बीज में फाइबर की मात्रा खूब सारी होती है और डायबटीज रोगियों के लिए कई स्वास्थ्य लाभ होते हैं। यह बीज डायबटीज के रोगियों को उनके ब्लड शुगर के लेवल को कम करने में मदद करते हैं। कई अध्ययन में यह बात साफ हुई है कि मेथी के बीज ग्लूकोज की मात्रा को कम करते हैं।
जीरा

जीरा में ब्लड शुगर और कोलेस्ट्रॉल को कम करने की संभावना है। ये वही दो खास तत्व हैं जो बहुत अधिक जंक और फास्ट फूड खाने के परिणामस्वरूप बढ़ते हैं। व्यायाम करने और स्वस्थ संतुलित आहार खाने के साथ-साथ जीरे का सेवन भी करना चाहिए। जीरे को रात भर पानी में भिगो कर, इसे सुबह छान कर, यह पानी पीना चाहिए।
चिया सीड्स

चिया के बीज की एक छोटी दैनिक खुराक, ब्लड शुगर को कंट्रोल करने में बहुत मदद करती है। डायबटीज के मरीजों के लिए यह काफी फायदेमंद भी साबित हुई है। टाइप 2 डायबटीज वाले लोगों को वजन कम करने की सलाह दी जाती है और इसके लिए चिया सीड्स काफी अच्छे होते हैं। कई डायट प्लानर्स इसका इस्तेमाल करने की सलाह देते हैं।