बच्चों की दांतों की करें हिफाजत, डेंटल केयर है बेहद जरूरी
जिस तरह हम अपने शरीर को सेहतमंद रखने के लिए जीवन में कई तरह की आदतों को शामिल करते हैं, ठीक इसी तरह दांतों की सेहत के लिए भी कुछ जरूरी बातें हैं, जिन्हें अपनी रोजमर्रा की जिंदगी में शामिल करना बच्चों के लिए बेहद जरूरी है। बच्चों की डेंटल केयर इसलिए भी जरूरी हो जाती है कि वह खेलकूद और स्वाद भरे खान-पान के बीच दांतों की सफाई को अनदेखा कर देते हैं। आइए जानते हैं विस्तार से कि कैसे आप बच्चों की डेंटल केयर का घर पर ध्यान रख सकती हैं।
न करें जल्दबाजी
बच्चों के दांतों का ध्यान रखने की सबसे अहम सीख है कि जल्दबाजी न करें। कई बार ऐसा होता है कि बच्चों को स्कूल भेजने या फिर किसी जरूरी काम के लिए ले जाने से पहले दांत की सफाई जल्दबाजी में होती है। ऐसा करना बच्चे के दांतों के लिए हानिकारक साबित हो सकता है। जरूरी है कि दांत की सफाई को आराम से समय देकर करना चाहिए और हमेशा सर्कुलर मोशन में ब्रश कराएं। जीभ को साफ करना न भूलें।
दो बार करें ब्रश
बच्चों में इस आदत को शामिल करें कि उनके लिए 2 बार ब्रश करना जरूरी है। सबसे पहले सुबह के नाश्ते से पहले दांत की सफाई और रात को डिनर के बाद सोने से पहले दांत की सफाई जरूरी है। इससे कैविटी को दांत के भीतर घर बनाने के लिए जगह नहीं मिलती है। साथ ही मसूड़े भी स्वस्थ रहते हैं।
खान-पान पर हो ध्यान
बच्चे क्या खा रहे हैं और किस तरह खा रहे हैं, इसका ध्यान रखना जरूरी है। मीठी चीजों के अधिक सेवन से बचना चाहिए। जानकारों का मानना है कि मीठी चीजों के सेवन से दांत में कैविटी होने की संभावना अधिक हो जाती है। जब भी आपका बच्चा कोई भी खाना खाता है, तो उसे पूरा खाना चबाकर खाने की सलाह दें। माना गया है कि खाने को चबाकर नहीं खाने से दांत जल्दी खराब हो जाते हैं।
बच्चों को दें दांत की सफाई का ज्ञान
अपने बच्चों को यह लगातार समझाते रहें कि दांत की सफाई हमारे जीवन का अहम हिस्सा है। उन्हें यह भी बताएं कि कैसे वह कैविटी को अपने दांत से दूर रख सकती हैं। कैविटी के नुकसान के बारे में और दांत को स्वस्थ रखने का हर छोटी-बड़ी जानकारी से बच्चों को अवगत कराते रहना चाहिए।
महीने में एक बार डेंटिस्ट के पास
आप भले ही अपने बच्चे के दांत की सफाई का नियमित अच्छे से ध्यान रखती हैं, लेकिन महीने में एक बार दांत के डॉक्टर यानी कि डेंटिस्ट से जरूर संपर्क करें। डेंटिस्ट बच्चों के दांत से जुड़ी समस्या को दूर करने और जरूरी सलाह देने में मददगार साबित होंगे।