ठंड में दोस्तों और परिवार वालों के साथ लें टेस्टी सूप का मजा
ठंड के मौसम में दोस्तों और परिवार के साथ, रजाई में बैठ कर गप्प करना और फिर सबके साथ मिल कर खाने-पीने में लुत्फ उठाने का अपना मजा होता है। है न ! खास बात यह भी होती है कि इस मौसम में सब्जियां ताजी और फ्रेश मिलती हैं, इसलिए आज हम आपको सूप की कुछ ऐसे ही रेसिपी बताने जा रहे हैं, जो आपको जरूर ठंड के मौसम में अपने घर में ट्राई करनी चाहिए।
टमाटर सूप

अब बात सूप की हो और टमाटर का जिक्र न आये, यह हो ही नहीं सकता है, इसलिए हम सबसे पहले आपको इसकी रेसिपी ही बता देते हैं। इसके लिए, आपके घर में या दोस्तों संख्या कितनी है, उसके अनुसार आपको टमाटर लेने हैं, चुकंदर, कॉर्नफ्लोर, लहसुन और काली मिर्च का उपयोग करना है। अब इसको बनाने के लिए, आपको टमाटर और चुकंदर के टुकड़े कर लेने हैं, इसके बाद, टमाटर, चुकंदर, लहसुन, काली मिर्च और तेज पत्ता इन चीजों को लेकर एक कूकर में डाल देना है, फिर उसमें एक कप पानी, नमक भी डाल लें, फिर मध्यम आंच पर इसे पकाएं, जब यह नरम हो जाये, तब तक इसको पकाना है। फिर दस मिनट के बाद, कूकर में जब सीटी लग जाए, तो गैस बंद कर दें, फिर ढक्कन खोल लें और इस मिश्रण को ठंडा होने दें। फिर तेज पत्ता को बाहर निकल दें। फिर इसे ठंडा होने तक छोड़ दें और फिर ब्लेंडर में प्यूरी बना लें। अब एक सॉसपैन में माध्यम आंच पर आधा चम्मच बटर गर्म करें, उसमें थोड़ा सा कॉर्नफ्लोर या मैदा डाल दें। फिर इसे चम्मच से हिलाती रहें और फिर एक मिनट तक पकाती रहें। फिर धीरे-धीरे टमाटर प्यूरी डालें और हिलाती रहें। अब आधा कप पानी और थोड़ी सी चीनी डालें और इसे अच्छे से मिला लें। अब इसे उबलने दें। आपका सूप तैयार है।
नींबू और धनिया सूप

नींबू और धनिया सूप बनाने के लिए आपको नींबू, धनिया के पत्ते, गाजर, पत्तागोभी, मशरूम, नींबू रस और नमक चाहिए। इसको बनाने के लिए, सबसे पहले गाजर, पत्तागोभी और जो भी सब्जियां हों, उन्हें काटकर उबाल लें। ध्यान रहे, अधिक मत उबालें, फिर हरा धनिया भी काट कर रखें। अब एक पैन में सारी सब्जियां डालें। उसमें पानी डालें, थोड़ा सा कॉर्नफ्लोर डालें, नमक डालें, काली मिर्च डालें और बस 5 मिनट तक पकने के बाद, उसे एक सूप बाउल में डाल दें। फिर उसमें नींबू और धनिया पत्ती कटी हुई डालें और सर्व करें।
गार्लिक सूप

गार्लिक सूप बनाने के लिए लहसुन की कलियां, अदरक, काली मिर्च, दालचीनी पिसी हुई, नमक, जीरा भूना हुआ और घी चाहिए। इसको बनाना आसान है, सबसे पहले लहसुन और अदरक को अच्छे से छील लें, फिर उसे बारीक काट लें। अब एक बर्तन में पानी डालें, फिर उसमें बारीक कटे लहसुन और अदरक भी डाल लें। फिर काली मिर्च और दालचीनी पिसी हुई डालें। फिर पिसा हुआ जीरा डालें और इसमें नमक मिला कर पकने दें। अब एक पैन में घी को गर्म करें और फिर उसमें जीरा लगा कर तड़का लगाएं। फिर सूप को आंच से उतार लें। सूप तैयार हैं।
चिकन सूप

ठंड के मौसम में चिकन भी काफी अच्छे लगते हैं, चिकन सूप बनाने के लिए आपको चिकन के गूदा वाला हिस्सा चाहिए, इसके साथ प्याज, अदरक लहसुन का पेस्ट, हल्दी पाउडर, छोटी इलायची, दालचीनी, लांग, काली मिर्च, तेज पत्ता, नमक, तेल, धनिया। चिकन सूप बनाने के लिए सबसे पहले चिकन को धो लें, अब एक कुकर में तेल डाल कर, उसे हल्की आंच पर गर्म करें। फिर इसमें दालचीनी, लांग, काली मिर्च, तेज पत्ता और इलायची पाउडर डाल कर, एक मिनट तक भूनें, अब कटी हुई प्याज और अदरक लहसुन का पेस्ट दाल कर, भूनें, फिर इसमें चिकन डाल कर मिलाती रहें और फिर दो मिनट तक इसे भुनने के बाद, हल्दी डालें और दो गिलास पानी डाल कर मिला लें। फिर इसमें नमक और हरा धनिया डालें। कुकर बंद करके दो सीटी आने तक उबालें। फिर गैस बंद करके इसे सूप बॉउल में डालें।